विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेलवी दूल्हा और देवबंदी दुल्हन का निकाह रुकने से किशनगंज में गरमाया माहौल, उलेमाओं ने दी खुली बहस की चुनौती

Published: Thu, 19 Nov 2026 09:24 PM (IST)

किशनगंज के पोठिया में निकाह विवाद देवबंदी और बरेलवी धर्मगुरुओं के बीच खुली धार्मिक बहस में बदल गया है।

बंगाल के इस्लामपुर में बैठक करते दूसरे पक्ष के लोग। (सौ.- प्रसारित वीडियो से ली गई तस्वीर)

बंगाल के इस्लामपुर में बैठक करते दूसरे पक्ष के लोग। (सौ.- प्रसारित वीडियो से ली गई तस्वीर)

HighLights

  1. पोठिया निकाह विवाद देवबंदी-बरेलवी धर्मगुरुओं की बहस में बदला।

  2. देवबंदी उलेमा ने बरेलवी चुनौती स्वीकार कर प्रतिप्रश्न किए।

  3. स्थानीय नेताओं ने सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील की।

जागरण संवाददाता, किशनगंज। पोठिया प्रखंड के अर्राबाड़ी में निकाह को लेकर शुरू हुआ विवाद अब देवबंदी और बरेलवी विचारधारा के धर्मगुरुओं के बीच खुली धार्मिक बहस तक पहुंच गया है।

पोठिया की रजा जामा मस्जिद में हुई बैठक के दौरान बरेलवी उलेमा ने देवबंदी पक्ष को मुनाजरे (धार्मिक विषयों पर तर्क-वितर्क के साथ बहस) की चुनौती दी थी। देवबंदी उलेमा ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए दो सवाल पूछते हुए सात दिनों के भीतर जवाब देने को कहा है।

देवबंदी उलेमाओं की ओर से मुफ्ती मुनाजिर हुसैन काश्मी ने भी बरेलवी पक्ष के सामने दो सवाल रखते हुए कहा कि वे धार्मिक पुस्तकों और प्रमाणों के आधार पर बहस के लिए तैयार हैं। उन्होंने अपनी ओर से भी दो सवाल रखे और उनका जवाब देने के लिए सात दिनों का समय दिया।

जबकि इस्लामपुर में उलेमा परिषद की बैठक के बाद दावा किया गया कि अहले-सुन्नत उलेमा की ओर से देवबंदी पक्ष के पत्र का लिखित जवाब दिया जा चुका है।

परिषद ने धार्मिक पुस्तकों के आधार पर दलील के साथ बहस करने की तैयारी करने की बात कही। जबकि मुफ्ती मुनाजिर हुसैन काश्मी ने अपने प्रतिप्रश्न में कहा कि यदि देवबंदी और बरेलवी विचारधारा के लोगों के बीच पहले से हुए निकाह को गलत माना जाता है तो ऐसे दंपतियों, उनके बच्चों और आने वाली पीढ़ियों की स्थिति क्या होगी।

उन्होंने कहा कि वे अपने सवालों पर कायम हैं और इस विषय पर बहस के लिए तैयार हैं। दोनों पक्ष की ओर से इंटरनेट मीडिया पर लगातार वीडियो प्रसारित हो रहा है।

पहले से होती रही है दोनों में शादी

जिला परिषद सदस्य इंजीनियर नासिक नदीर, पूर्व सरपंच मजगामा पंचायत अंसार आलम, कन्हैयाबाड़ी निवासी शकील अख्तर, मंसूरा निवासी शिक्षा विद अफ्फान यजदानी, डेरामारी पंचायत के मुखिया शाहबाज आलम इत्यादि ने कहा कि शादी विवाह में बरेलवी और देवबंदी को मसला नहीं होना चाहिए।

पहले से शादी होती रही है। हम सभी मुसलमान है एक अल्लाह और पैगंबर हजरत मुहम्मद को मानने वाले हैं। सदियों से शादी विवाह में ऐसा देवबंदी और बरेलवी कभी नहीं हुआ है।

देवबंदी मसलक का बेटा-बेटी बरेली मसलक के घर शादी हो रहा है और बरेली मसलक का बेटा बेटी का शादी देवबंदी मसलक के घर हो रहा है।

देववंदी व बरेलवी की आबादी

2011 की जनगणना के अनुसार जिले में मुस्लिम समुदाय की आबादी करीब 68 प्रतिशत है। जिसमें देवबंदी व बरेलवी की आबादी करीब बराबर है।

ठाकुरगंज, पोठिया प्रखंड में बरेलवी की संख्या अधिक है तो बहादुरगंज, कोचाधामन प्रखंड क्षेत्र में देवबंदी की आबादी अधिक है। दोनों के बीच दशकों से शादी-ब्याह होता रहा है। लेकिन इन दिनों एक मामले का वीडियो प्रसारित होने के बाद बढ़ा तकरार इंटरनेट मीडिया पर चर्चा पर है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप कर रहे हैं। सबसे अहम है कि दोनों मैं सही के चक्कर में हैं।

क्या है विवाद की वजह?

विवाद की शुरुआत 13 नवंबर को पोठिया प्रखंड के अर्राबाड़ी में एक निकाह के दौरान हुई थी। यहां बरेलवी विचारधारा से जुड़े दूल्हे और देवबंदी विचारधारा से जुड़ी दुल्हन के बीच निकाह होना था।

लेकिन धार्मिक मान्यताओं को लेकर उठे विवाद के कारण निकाह नहीं हो सका। आरोप है कि निकाह से पहले दूल्हे के मत-पंथ को लेकर आपत्ति जताई गई और उससे देवबंदी धर्मगुरुओं के प्रति अपनी धार्मिक मान्यता स्पष्ट करने अथवा कुछ शर्तें मानने की अपेक्षा की गई।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा। विवाद के बाद माफी मांगने से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया। बाद में एक अन्य वीडियो में दावा किया गया कि माफी दबाव में मंगवाई गई थी।

इसके बाद दोनों विचारधाराओं के धर्मगुरुओं की ओर से बयान आने लगे और मामला धार्मिक बहस की चुनौती तक पहुंच गया।

इस बीच किशनगंज के वरिष्ठ उलेमा ने फतवे पर आपत्ति जताते हुए लोगों से इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित दावों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने आल इंडिया मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड और स्थानीय उलेमा के मार्गदर्शन में चलने की बात कही।

सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील

मौलाना फैजुर्रहमान नदवी ने कहा कि सीमांचल में देवबंदी और बरेलवी विचारधारा के लोग लंबे समय से साथ रहते आए हैं। उनके बीच वैवाहिक और सामाजिक संबंध भी रहे हैं। ऐसे में इस तरह के विवाद से समाज में दूरी बढ़ सकती है।

उन्होंने लोगों से आपसी एकता बनाए रखने और विवाद को बढ़ने से रोकने की अपील की। एआईएमआईएम विधायक तौसीफ आलम ने भी लोगों से फिरकों के नाम पर विवाद में नहीं पड़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सभी मुसलमान एक हैं और आपसी मतभेद को समाज में टकराव का कारण नहीं बनने देना चाहिए। बुधरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मुदस्सिर नजर ने बताया कि उनके पंचायत के एक युवक की शादी अर्राबाड़ी में तय थी, लेकिन विवाद के कारण फिलहाल शादी रुक गई है।

उन्होंने कहा कि पहले भी दोनों विचारधाराओं के लोगों के बीच कई शादियां हुई हैं। इस मामले का समाधान दोनों पक्षों को बैठकर बातचीत से निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं सही के चक्कर में यह मामला बढ़ा है।

यह भी पढ़ें- देवबंदी धर्मगुरुओं को 'काफिर' कहने की शर्त, धार्मिक बहस में बदला किशनगंज का निकाह विवाद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।