विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में यूट्यूबर आर्यन केल्विन के फैन मीट में बवाल, 15 पुलिस जवान घायल; दारोगा का सिर फूटा

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:18 PM (IST)

पटना में यूट्यूबर आर्यन केल्विन के फैन मीट-अप में उनके मंच पर न पहुंचने से नाराज भीड़ ने जमकर बवाल किया, जिसमें तोड़फोड़ और पथराव हुआ।  

आर्यन केल्विन के प्रोग्राम में बवाल। फोटो इंटरनेट मीडिया

आर्यन केल्विन के प्रोग्राम में बवाल। फोटो इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. आर्यन केल्विन के कार्यक्रम में 5000 युवा हुए बेकाबू।

  2. भीड़ के पथराव से 15 पुलिसकर्मी घायल, दारोगा का सिर फटा।

  3. यूट्यूबर सुमित कुमार की पिटाई, 12 से अधिक हिरासत में।

जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित वीरचंद पटेल पथ के मिलर स्कूल ग्राउंड में रविवार को यूट्यूबर आर्यन केल्विन के फैन मीट-अप कार्यक्रम के दौरान जमकर बवाल हुआ।

अपने पसंदीदा यूट्यूबर को देखने के लिए बिहार के अलग-अलग जिलों से पहुंचे करीब पांच हजार युवाओं की भीड़ बेकाबू हो गई। आर्यन के मंच पर नहीं पहुंचने और कुछ देर बाद कार्यक्रम स्थल से लौट जाने से नाराज दर्शकों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी।

उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। इस दौरान यूट्यूबर सुमित कुमार की भी पिटाई कर दी गई। घटना में 15 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें एक दारोगा का सिर फट गया। पुलिस ने 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।

फ्री एंट्री वाले इस कार्यक्रम का प्रचार युवाओं के मनोरंजन और सामाजिक जागरूकता के नाम पर किया गया था। रविवार दोपहर तीन बजे से कार्यक्रम निर्धारित था। इसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में युवा और स्थानीय कंटेंट क्रिएटर पहुंचे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आर्यन केल्विन निर्धारित समय से काफी देर बाद मैदान पहुंचे। उनकी गाड़ी परिसर में दाखिल होते ही समर्थक उसे घेरकर चढ़ने लगे। हालांकि, आर्यन मंच पर नहीं पहुंचे और कुछ देर रुकने के बाद वापस लौटने लगे।

घंटों से इंतजार कर रहे दर्शक इससे नाराज हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। यही नहीं गुस्साए भीड़ ने यूट्यूबर आर्यन केल्विन के साथ आए यूट्यूबर सुमित कुमार को जमकर पीट दिया।

उड़दंग मचाने वालों पर एक्शन

लॉ एंड आर्डर एएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पथराव में घायल पुलिसकर्मियों का उपचार कराया जा रहा है। 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पथराव करने वालों की पहचान कर रही है। साथ ही आयोजकों से कार्यक्रम की अनुमति और सुरक्षा इंतजामों के संबंध में जानकारी ली जा रही है। बिना नंबर प्लेट की गाड़ी और सड़क पर स्टंट करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस पर बोतलें फेंकीं, पथराव में 15 जवान घायल

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मैदान में मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रयास किया तो दर्शकों के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसके बाद उग्र लोगों ने पुलिस पर पानी की बोतलें फेंकीं और पथराव कर दिया।

इसमें 15 पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक दरोगा के सिर में गंभीर चोट आई और उनका सिर फट गया। हंगामे के दौरान परिसर में खड़ी कई गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए गए।

शुरुआत में मैदान में महज 15 से 20 पुलिसकर्मी मौजूद थे। स्थिति बिगड़ने पर कोतवाली थाने सहित आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए भीड़ को खदेड़ा और मैदान खाली कराया।

भाजपा कार्यालय के पास भी रोड़ेबाजी, यातायात बाधित

मैदान से निकले उपद्रवियों का एक समूह भाजपा कार्यालय के पास पहुंच गया। वहां भी रोड़ेबाजी और तोड़फोड़ की गई। भाजपा कार्यालय के महामंत्री विनय केसरी ने इस संबंध में कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

घटनास्थल के समीप हाईकोर्ट के न्यायाधीश का आवास भी है। उपद्रव के कारण वीरचंद पटेल पथ और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

आर्यन केल्विन जिस काली गाड़ी से कार्यक्रम स्थल पहुंचे और वहां से निकले, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। मैदान से निकलते समय वह गाड़ी के सनरूफ से बाहर निकलकर समर्थकों का अभिवादन करते दिखे। उनके कुछ साथी चलती गाड़ी की छत पर चढ़े हुए थे।

काफिला मिलर ग्राउंड से डाकबंगला चौराहा होते हुए फ्रेजर रोड की ओर बढ़ा। इस दौरान सड़क पर स्टंटबाजी और नारेबाजी हुई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। आर्यन केल्विन धनबाद के रहने वाले हैं और इंटरनेट मीडिया पर कामेडी आधारित वीडियो बनाते हैं।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में हथकड़ी सरकाकर भागा था मिंटू, अब उसे भगाने के संदेह में मां-बेटा गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।