मुजफ्फरपुर में हथकड़ी सरकाकर भागा था मिंटू, अब उसे भगाने के संदेह में मां-बेटा गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर कचहरी से हथकड़ी सरकाकर फरार हुए अपहरण के आरोपित मिंटू मली की तलाश जारी है। पुलिस ने उसे भगाने में मदद के संदेह में उसकी मां और भाई को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपित अभी भी फरार है।

मुजफ्फरपुर में कचहरी परिसर से पुलिस को चकमा देखकर फरार हुआ था आरोपित मिंटू मली । (प्रतीकात्मक तस्वीर )
HighLights
मुजफ्फरपुर कचहरी से अपहरण आरोपित मिंटू मली हथकड़ी सरकाकर भागा।
फरार होने में मदद के संदेह में मां और भाई गिरफ्तार।
मुख्य आरोपित मिंटू मली की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। कचहरी परिसर में पुलिस की सुरक्षा को धता बताकर हथकड़ी सरकाते हुए फरार हुए अपहरण के आरोपित मिंटू मली की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस बीच उसे भगाने में मदद करने के संदेह में पुलिस ने उसकी मां और भाई को गिरफ्तार किया है। हालांकि, पुलिस के हाथ अब तक मुख्य आरोपित नहीं लगा है। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।
कचहरी से फरार हुआ था मिंटू
विदित हो कि दो दिन पूर्व साहेबगंज थाना क्षेत्र से किशोरी के अपहरण के मामले में गिरफ्तार मिंटू मली को पुलिस कोर्ट में पेशी के लिए कचहरी परिसर लेकर पहुंची थी। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। बताया गया कि उसने हाथ से हथकड़ी सरका ली और पुलिस अभिरक्षा से भाग निकला। घटना के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई थी।
मां और भाई पर मदद का संदेह
फरार आरोपित की तलाश के दौरान पुलिस को उसकी मां और भाई की भूमिका संदिग्ध लगी। इसके बाद नगर थाने की पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पारू थाना क्षेत्र के रामपुर केशव उर्फ मलाही (खरिहनियां) स्थित उनके घर पर छापेमारी कर उन्हें पकड़ा।
मुख्य आरोपित की तलाश में छापेमारी
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान टुनटुन मली (29) और उसकी मां पार्वती देवी के रूप में हुई है। पुलिस को आशंका है कि दोनों ने मिंटू को भगाने में मदद की थी। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है। उधर, मुख्य आरोपित मिंटू मली की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी करने का दावा किया जा रहा है।