विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में बड़ा सियासी फेरबदल? निशांत कुमार के 'प्रमोशन' पर डिप्टी CM विजय चौधरी ने खोले पत्ते

Published: Wed, 18 Nov 2026 01:05 PM (IST)

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर जदयू कार्यकर्ता बेहद खुश होंगे।

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी। फोटो- फेबसुक

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी। फोटो- फेबसुक

HighLights

  1. निशांत कुमार को बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर जदयू होगी खुश।

  2. 'नीतीश सेतु' नामकरण पर पीएम मोदी, सीएम चौधरी का आभार।

  3. आरजेडी की 'नीतीश-लालू सेतु' मांग को बेतुका बताया।

एजेंसी, पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी (Vijay Choudhary) ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि यदि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और जनता दल यूनाइटेड नेता निशांत कुमार को भविष्य में कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाती है, तो पार्टी कार्यकर्ताओं को इससे सबसे अधिक खुशी होगी।

पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चौधरी ने गंगा नदी पर नवनिर्मित पुल का नाम पार्टी सुप्रीमो नीतीश कुमार के सम्मान में 'नीतीश सेतु' रखे जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताया।

उन्होंने बताया कि पीएम मोदी 21 नवंबर को इस पुल का उद्घाटन करेंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा, "यह परियोजना बिहार के लिए हमारे नेता के विजन को दर्शाती है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने पूर्ववर्ती नीतीश कुमार की विकास यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं, जिसके लिए हम उन्हें धन्यवाद देते हैं।"

विपक्ष की मांग को बताया बेतुका

इस दौरान जेडीयू नेता ने मुख्य विपक्षी दल आरजेडी (राष्ट्रीय जनता दल) द्वारा पुल का नाम 'नीतीश-लालू सेतु' रखने की मांग का कड़ा मजाक उड़ाया।

आरजेडी का तर्क था कि यह पुल राघोपुर को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करता है, जो वर्तमान में तेजस्वी यादव का विधानसभा क्षेत्र है और पूर्व में लालू प्रसाद यादव का रहा है।

तेजस्वी यादव द्वारा इस प्रोजेक्ट का श्रेय लेने की कोशिशों को खारिज करते हुए चौधरी ने कहा, "तेजस्वी भले ही उस विभाग के मंत्री रहे हों, लेकिन सच्चाई यह है कि इस पुल का काम उनके पद संभालने से काफी पहले शुरू हो चुका था और उनके हटने के बाद भी जारी रहा। इस परियोजना का वास्तविक श्रेय केवल नीतीश कुमार को जाता है।"

निशांत कुमार की राजनीतिक यात्रा और भविष्य की अटकलें

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के प्रमोशन से जुड़ी चल रही अटकलों पर जवाब देते हुए विजय चौधरी ने कहा, "यह सच है कि नीतीश कुमार के बाद पूरी पार्टी मार्गदर्शन के लिए निशांत कुमार की ओर ही देखती है।

उन्होंने पार्टी नेताओं के विशेष आग्रह पर ही राजनीति में कदम रखा था। अगर उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी मिलती है, तो हमारे कैडर से ज्यादा खुश कोई और नहीं होगा।"

गौरतलब है कि 45 वर्षीय निशांत ने एक साल से भी कम समय पहले मार्च में राजनीति में एंट्री की थी। उनके राजनीति में आने के कुछ दिन पहले ही नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने के लिए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

उस समय भी यह चर्चा तेज थी कि निशांत को सीधे उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि, शुरुआत में मंत्री पद संभालने से हिचकिचाने वाले निशांत ने बाद में पार्टी के दबाव में बीजेपी के नेतृत्व वाली नई सरकार में स्वास्थ्य मंत्री का पद स्वीकार कर लिया।

वर्तमान सरकार में जेडीयू कोटे से दो उपमुख्यमंत्री— विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव— शामिल हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में जब चौधरी से यह पूछा गया कि क्या निशांत कुमार का कद बढ़ाए जाने की स्थिति में जेडीयू की ओर से केवल एक ही उपमुख्यमंत्री रहेगा, तो उन्होंने झल्लाते हुए इसे बकवास सवाल करार दिया।

यह भी पढ़ें- ‘खाना ठीक से खाइए, मजबूती से लड़ना है’, सम्राट चौधरी ने निशांत कुमार को छोटा भाई बताते हुए दिए टिप्स

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।