16 लिफाफे, 15 लाख नकद और खाते में 99.61 लाख; वैशाली में 8600 की रिश्वत ने खोली लेडी डॉक्टर की पोल
वैशाली की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कामिनी प्रसाद को ₹8600 रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। उनके पटना आवास से ₹15 ...और पढ़ें

वैशाली में पकड़ी गई महिला चिकित्सा प्रभारी के आवास पर निगरानी की छापेमारी। सौजन्य : निगरानी
HighLights
वैशाली की चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कामिनी प्रसाद रिश्वत लेते गिरफ्तार।
उनके बैंक खाते में 99 लाख से अधिक, घर से 15 लाख नकद मिले।
निगरानी विभाग आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच करेगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। वैशाली में 8600 रुपये घूस लेती पकड़ी गई प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ. कामिनी प्रसाद के खाते में 99 लाख 61 हजार रुपये जमा मिले हैं।
शुक्रवार की दोपहर वैशाली में गिरफ्तारी के बाद निगरानी ने देर शाम महिला डाक्टर के पटना के बहादुरपुर हाउसिंग कालोनी के आवास पर छापेमारी की।
इसमें आवास से 15 लाख नकद, फ्लैट एवं बीमा के कागजात और सोने-चांदी के जेवर आदि बरामद हुए हैं। खाते में भी साढ़े 99 लाख से अधिक जमा पाया गया है, जिसे फ्रीज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
आय से अधिक संपत्ति मामले की भी जांच
देर रात तक छापेमारी की कार्रवाई जारी थी। इस मामले में निगरानी आय से अधिक संपत्ति मामले के आधार पर भी जांच कर कार्रवाई करेगी।
दरअसल, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शुक्रवार को वैशाली के पटेड़ी, बेलसर PHC की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ. कामिनी प्रसाद और डाटा इंट्री आपरेटर हिमांशु कुमार को 8600 रुपये रिश्वत लेते कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया था।
पटेढ़ी, बेलसर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी जयपाल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बकाया बिल के भुगतान के बदले प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक और डाटा इंट्री आपरेटर रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
उनका 96 हजार रुपये का इंसेंटिव समेत अलग-अलग मदों में कुल एक लाख 29 हजार 800 रुपये बकाया है। दोनों से पूछताछ के बाद उन्हें मुजफ्फरपुर के निगरानी विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा। शिकायतकर्ता जयपाल सिंह मूल रूप से राजस्थान के सिकर जिले के धौद थाना अंतर्गत मांडोला गांव के रहने वाले हैं।
हर काम के लिए रिश्वत, लिफाफे में मिले 5.89 लाख
निगरानी ने जब डाक्टर कामिनी को गिरफ्तार किया था तो अस्पताल एवं आसपास के लोगों से सूचना मिली कि यह हर काम के लिए रिश्वत की मांग करती हैं।
बिना घूस लिए कोई काम नहीं करतीं। सूचना के आधार पर संभावना जताई गई कि अगर महिला डाक्टर के घर की तलाशी ली जाए तो रिश्वत की और राशि बरामद हो सकती है।
इसके बाद टीम पटना के आवास पहुंची। आवास में 16 लिफाफों में रखे पांच लाख 89 हजार रुपये समेत कुल 15 लाख की राशि बरामद की। पूरी संभावना है कि यह रिश्वत की ही राशि है।
वैशाली में मिली सूचना के आधार पर घूस लेते गिरफ्तार हुई प्रभारी महिला चिकित्सा पदाधिकारी के पटना आवास पर निगरानी की टीम ने तलाशी ली है, जिसमें 15 लाख नकद और खाते में 99 लाख से अधिक राशि जमा मिली है। बरामदगी को देखते हुए आय से अधिक संपत्ति के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
जितेंद्र सिंह गंगवार, महानिदेशक, निगरानीयह भी पढ़ें- वैशाली के बेलसर PHC में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी समेत 3 गिरफ्तार
