विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैशाली के बेलसर PHC में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी समेत 3 गिरफ्तार

Published: Fri, 09 Oct 2026 05:20 PM (IST)

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पटेढ़ी बेलसर की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कामिनी प्रसाद को निगरानी टीम ने इंसेंटिव भुगतान के लिए 10% रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

वैशाली के बेलसर PHC में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी समेत 3 गिरफ्तार

वैशाली के बेलसर PHC में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी समेत 3 गिरफ्तार

HighLights

  1. बेलसर पीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।

  2. इंसेंटिव भुगतान के लिए 10 प्रतिशत कमीशन की मांग की गई।

  3. निगरानी टीम ने प्रधान सहायक और डाटा ऑपरेटर को भी हिरासत में लिया।

संवाद सूत्र, पटेढ़ी बेलसर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पटेढ़ी बेलसर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने इंसेंटिव भुगतान के लिए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। टीम प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के साथ पीएचसी के प्रधान सहायक धीरेंद्र कुमार एवं डॉटा ऑपरेटर हिमांशु कुमार को भी अपने साथ ले गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पटना से आई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम सुबह से ही अस्पताल के बाहर सादे लिबास में चक्कर लगा रही थी।

बताया गया है कि अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र मिश्रौलिया अफजलपुर में सीएचओ पद पर कार्यरत जयपाल सिंह ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका तीन महीने से अधिक समय का इंसेंटिव राशि बकाया है। भुगतान के बदले प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कामिनी प्रसाद द्वारा 10 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही है।

निगरानी विभाग ने अपने स्तर से मामले का सत्यापन कराया तो मामला सत्य पाया गया। शुक्रवार को सीएचओ जयपाल सिंह जैसे ही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के कार्यालय में निगरानी द्वारा पहले से दी गई राशि लेकर गए, वैसे ही कार्यालय के बाहर पहले से सादे लिबास में मौजूद टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी टीम ने प्रधान सहायक और डाटा ऑपरेटर को भी हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई है। फिलहाल कितनी राशि के साथ पकड़ा गया है यह स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।