15 साल के युवा कप्तान के नेतृत्व में मैदान पर उतरेगी बिहार की टीम, वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी पर नजरें
सैयद मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता शनिवार से शुरू होगी, जिसमें बिहार की पुरुष टीम 15 वर्षीय कप्तान वैभव सूर्यवंशी के नेतृत्व में सौराष्ट्र से भिड़ेगी।

वैभव सूर्यवंशी (फाइल फोटो)
HighLights
वैभव सूर्यवंशी 15 साल की उम्र में बिहार टीम के कप्तान।
सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट का आगाज शनिवार से।
पुरुष टीम सौराष्ट्र से, महिला टीम केरल से भिड़ेगी।
जागरण संवाददाता, पटना। बीसीसीआई द्वारा आयोजित सैयद मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज शनिवार से होगा। एलीट वर्ग के मैच के लिए पहले दिन प्रदेश की पुरुष एवं महिला टीमें मैदान पर उतरेंगी। पुरुष टीम का मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में सौराष्ट्र से होगा। सबकी नजरें भारतीय टीम के तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर होगी।
15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव पहली बार प्रदेश की कमान संभालते दिखेंगे। देश की टीम में शामिल वैभव इसके पहले रणजी के चारों मुकाबलों में बिहार के लिए मैदान पर नहीं उतर सके थे।
इधर, महिला टीम रायपुर के आरडीसीए मैदान पर केरल के खिलाफ खेलेगी। अंडर-16 का मुकाबला रिलायंस क्रिकेट स्टेडियम वडोदरा में बंगाल के खिलाफ खेला जाएगा।
टीम की कप्तानी वैभव सूर्यवंशी को
बीते शुक्रवार को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्राफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए 17 सदस्यीय टीम की घोषणा की थी। टीम की कप्तानी वैभव सूर्यवंशी को सौंपी गई, जबकि सूरज कश्यप उप कप्तान बनाए गए।
चार से छह नवंबर तक पटना के मोइनुल हक स्टेडियम में आयोजित चयन ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करने के बाद टीम का ऐलान किया गया।
टीम में कप्तान वैभव सूर्यवंशी के अलावा आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेट कीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेट कीपर), ऋत्विक राज, सूरज कश्यप (उपकप्तान), मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह शामिल हैं। मंगल महौर और शाकिब हुसैन की उपलब्धता उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी।
इनके अलावा बिपिन सौरभ, सुमन कुमार, आकाश राज, खालिद आलम, भास्कर दुबे, कुमार रजनीश, सुयश, अभिजीत साकेत, यशस्वी ऋषभ, लखन राजा, पवन कुमार, अमित चौधरी, पीयूष सिंह, भानु कुमार, लोकेश बाबूलाल कुमार और प्रशांत श्रीवास्तव को स्टैंडबाय में रखा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।