विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना यूनिवर्सिटी के हॉस्टलों में 'नो वैकेंसी': आवंटन से पहले ही भर गए कमरे, छात्राओं को होगी सबसे ज्यादा दिक्कत

Published: Fri, 27 Nov 2026 01:46 PM (IST)

पटना विश्वविद्यालय के स्नातक छात्रावास आवंटन से पहले ही भर चुके हैं, जिससे नए छात्रों को कमरा मिलना मुश्किल है। छह वर्षीय पाठ्यक्रम के कारण 2023-27 बैच के छात्र अभी भी रह रहे हैं, जिससे विशेषकर छात्राओं को अधिक परेशानी हो रही है।

पटना यूनिवर्सिटी के हॉस्टलों में नो वैकेंसी (फाइल फोटो)

पटना यूनिवर्सिटी के हॉस्टलों में नो वैकेंसी (फाइल फोटो)

HighLights

  1. पटना विश्वविद्यालय के छात्रावास आवंटन से पहले ही पूरी तरह भरे।

  2. छह वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के कारण सीटें खाली नहीं हो रहीं।

  3. महिला छात्रावासों में सीटों की कमी से छात्राओं को अधिक दिक्कत।

जागरण संवाददाता, पटना। पटना विश्वविद्यालय के स्नातक (यूजी) स्तरीय छात्रावासों में आवंटन प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही लगभग सभी कमरे भर चुके हैं। ऐसे में नए शैक्षणिक सत्र में नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों को छात्रावास मिलने की उम्मीद कम है। 

सीटें खाली नहीं होने के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने छात्रावास आवंटन की चुनौती खड़ी हो गई है। फिलहाल विश्वविद्यालय में नए सिरे से छात्रावास आवंटन की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है।

छात्रावासों में सीटों की उपलब्धता प्रभावित

विश्वविद्यालय के अनुसार छह वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम लागू होने के कारण छात्रावासों में सीटों की उपलब्धता प्रभावित हुई है। शैक्षणिक सत्र 2023-27 में नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई अभी जारी है। इनकी पढ़ाई वर्ष 2027 में पूरी होगी। 

ऐसे में इस सत्र के अधिकांश विद्यार्थी वर्ष 2027 तक छात्रावासों में रहेंगे। उनके कमरे खाली होने के बाद ही नए विद्यार्थियों के लिए सीटें उपलब्ध हो सकेंगी।

महिला छात्रावासों में सबसे अधिक परेशानी

छात्रावासों में सीटों की कमी का सबसे अधिक असर महिला छात्रावासों पर पड़ा है। गंगा महिला छात्रावास में पटना कॉलेज, साइंस कॉलेज, वाणिज्य महाविद्यालय, बीएन कॉलेज और मगध महिला कॉलेज की छात्राओं को आवंटन किया जाता है। यहां कुल 88 छात्राओं के रहने की व्यवस्था है, लेकिन वर्तमान में मात्र नौ सीटें ही रिक्त हैं। 

इसी तरह मगध महिला कॉलेज परिसर में स्थित छात्रावास में 530 छात्राओं की रहने की व्यवस्था है। इसमें से 2023 में नामांकन ली 375 छात्राओं की पढ़ाई जारी है। इस हिसाब यहां 155 छात्राओं को ही छात्रावास मिलने की संभावना है। 

ऐसे में नए सत्र की छात्राओं को छात्रावास आवंटित करना विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी। इसी तरह बीएन कालेज, साइंस कालेज और पटना कालेज के छात्रावासों में भी सीटों की उपलब्धता सीमित है। अधिकांश कमरे पहले से ही आवंटित हैं।

2027 में खाली होंगे अधिसंख्य कमरे

छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (डीएसडब्ल्यू) प्रो. कामेश्वर पंडित ने बताया कि विश्वविद्यालय में छह वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम लागू है। वर्ष 2023 में नामांकन लेने वाले विद्यार्थी अभी पढ़ाई कर रहे हैं और छात्रावासों में रह रहे हैं। उनका पाठ्यक्रम वर्ष 2027 में पूरा होगा। इसके बाद ही बड़ी संख्या में छात्रावास के कमरे खाली होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- पटना यूनिवर्सिटी के छात्रों को राहत, सेंट्रल लाइब्रेरी अब रात 10 बजे तक खुलेगी; पहले 8 बजे तक था समय


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।