छठ के बाद लेटलतीफी की हद पार, 27 घंटे तक देरी से चल रहीं कई स्पेशल ट्रेनें
छठ पर्व के बाद काम पर लौट रहे यात्रियों को ट्रेनों की लेटलतीफी से भारी परेशानी हो रही है। पटना जंक्शन और दानापुर स्टेशन पर कई पूजा स्पेशल ट्रेनें 27 घंटे तक देरी से चल रही हैं।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
छठ पर्व के बाद ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान हैं।
पटना जंक्शन और दानापुर पर ट्रेनें 27 घंटे तक लेट।
पूजा स्पेशल ट्रेनों के साथ लोकल ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं।
जागरण संवाददाता, पटना। छठ पर्व के बाद काम पर लौटने वालों की भीड़ के बीच ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। पटना जंक्शन और दानापुर स्टेशन से गुजरने वाली पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित है।
हालात यह हैं कि कई ट्रेनें पांच से 27 घंटे से अधिक की देरी से चल रही हैं। यात्रियों को राहत देने के लिए चलाई गई छठ पूजा स्पेशल ट्रेनें ही अब उनके लिए लंबा इंतजार और परेशानी का सबब बन गई हैं। नियमित एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनों की रफ्तार भी थमी हुई है।
दानापुर स्टेशन पर ट्रेनों की देरी का आंकड़ा और भी चिंताजनक है। 05534 हडपसर-दरभंगा छठ पूजा स्पेशल सर्वाधिक 27 घंटे 21 मिनट विलंब से चल रही है।
वहीं, 05540 मुंबई एलटीटी-जयनगर स्पेशल 22 घंटे 21 मिनट, 01019 मुंबई एलटीटी-सहरसा स्पेशल 19 घंटे 28 मिनट और 07008 रक्सौल-चर्लापल्ली स्पेशल 17 घंटे 59 मिनट की देरी से चल रही है।
पुणे-दानापुर स्पेशल 14 घंटे 13 मिनट और नई दिल्ली-पटना अमृत भारत स्पेशल 8 घंटे 59 मिनट लेट है। बिलासपुर-बक्सर सुपरफास्ट भी करीब नौ घंटे की देरी से चल रही है।
पटना जंक्शन पर भी यात्रियों को राहत नहीं मिल रही। आनंद विहार-पटना फेस्टिवल स्पेशल 9 घंटे 15 मिनट, नई दिल्ली-पटना अमृत भारत स्पेशल 8 घंटे 57 मिनट और बिलासपुर-बक्सर सुपरफास्ट 8 घंटे 52 मिनट विलंब से चल रही है।
दरभंगा-मैसूरु फेस्टिवल स्पेशल 7 घंटे 36 मिनट, हटिया-पूर्णिया कोर्ट कोसी एक्सप्रेस 6 घंटे 24 मिनट और गोंदिया-पटना फेस्टिवल स्पेशल 5 घंटे 7 मिनट की देरी से चल रही है। ब्रह्मपुत्र मेल भी पांच घंटे से अधिक विलंबित है।
लोकल ट्रेनों पर भी लेटलतीफी की मार
लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ लोकल और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित है। गया-पाटलिपुत्र फास्ट मेमू 1 घंटे 38 मिनट, डीडीयू-पटना मेमू 1 घंटे 12 मिनट और गया-पटना पैसेंजर एक घंटे की देरी से चल रही है। विक्रमशिला एक्सप्रेस भी 42 मिनट विलंबित है। वहीं पटना-गया मेमू छठ पूजा स्पेशल 38 मिनट लेट है।