पटना में घर से निकलने से पहले देख लें नया ट्रैफिक प्लान, हाईकोर्ट गेट के पास वन-वे; अवैध पार्किंग पर एक्शन
पटना में वीरचंद पटेल पथ के पास हाईकोर्ट के लिए नया वन-वे ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है, जो सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगा। इसके तहत अवैध पार्किंग पर भी कार्रवाई की जाएगी ताकि यातायात सुगम हो सके।

पटना हाईकोर्ट गेट के पास वन-वे (सौ. जागरण)
HighLights
पटना हाईकोर्ट के पास नया वन-वे ट्रैफिक प्लान लागू।
सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक हाईकोर्ट वाहनों के लिए।
इनकम टैक्स से आर ब्लॉक तक अवैध पार्किंग पर कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, पटना। वीरचंद पटेल पथ के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने वन-वे प्लान तैयार किया है। यह व्यवस्था पटना हाईकोर्ट आने-जाने वाले वाहनों के लिए लागू होगी। आम नागरिकों के सामान्य आवागमन पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। वे पहले की तरह ही इस मार्ग से आ-जा सकेंगे।
यातायात पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक हाईकोर्ट के गेट नंबर चार और पांच के आसपास वाहनों के परिचालन की दिशा निर्धारित की गई है।
वीआईपी पोस्ट-27 के सामने से प्रवेश
इसके तहत वीरचंद पटेल पथ से हाईकोर्ट के गेट नंबर पांच की ओर जाने वाले वाहन वीआईपी पोस्ट-27 के सामने से प्रवेश करेंगे। इसके बाद गेट नंबर पांच से होते हुए गेट नंबर चार के रास्ते मिलर हाईस्कूल के बगल से वीरचंद पटेल पथ पर निकल सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत मिलर हाईस्कूल की ओर से हाईकोर्ट के गेट नंबर चार की तरफ वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, गेट नंबर चार से गेट नंबर पांच की ओर वाहनों के परिचालन और गेट नंबर पांच से वीआइपी पोस्ट-27 की ओर निकास पर भी रोक रहेगी। हालांकि, अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस जैसे आपातकालीन वाहनों को इस व्यवस्था से छूट दी गई है।
इनकम टैक्स से आर ब्लॉक तक अवैध पार्किंग पर कार्रवाई
इसके साथ ही इनकम टैक्स गोलंबर से आर ब्लाक तक सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इस मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहन सड़क किनारे पार्क कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। ट्रैफिक पुलिस ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य सड़क पर वाहनों का दबाव कम करना, जाम की समस्या रोकना और आवागमन को सुगम बनाना है।
यह भी पढ़ें- पटना में सजेगा भव्य शॉपिंग फेस्टिवल: 23 से 31 जनवरी तक मिलेगी भारी छूट, एंट्री रहेगी बिल्कुल फ्री
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।