विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रोडक्शन हब बनेगा पटना! टेक्सटाइल से लेकर बर्तन और रेडिमेड गारमेंट तक के बनेंगे औद्योगिक क्लस्टर

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:21 AM (IST)

पटना को औद्योगिक और उत्पादन हब बनाने की तैयारी है, जिसमें छोटे उद्योगों और स्थानीय कला को बढ़ावा दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने उद्यमियों के साथ बैठक कर टेक्सटाइल, बर्तन, रेडिमेड गारमेंट जैसे औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

जिलाधिकारी कुंदन कुमार का उद्योग वार्ता (सौ. जागरण)

जिलाधिकारी कुंदन कुमार का उद्योग वार्ता (सौ. जागरण)

HighLights

  1. पटना को औद्योगिक और उत्पादन हब बनाने की तैयारी।

  2. टेक्सटाइल, बर्तन, रेडिमेड गारमेंट क्लस्टर होंगे विकसित।

  3. स्थानीय कला, जैसे टिकुली आर्ट, को मिलेगा प्रोत्साहन।

जागरण संवाददाता, पटना। पटना को औद्योगिक एवं प्रोडक्शन हब बनाने के लिए अब छोटे उद्योगों और स्थानीय कला को बढ़ावा देने की तैयारी है। इसके तहत जिले में टेक्सटाइल, बर्तन, रेडिमेड गारमेंट, आर्ट एंड क्राफ्ट और आर्गेनिक उत्पादों के औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा सकते हैं। 

इससे स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक हुनर को बाजार से जोड़ने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। 

इस संबंध में जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने 'उद्योग वार्ता' कार्यक्रम के तहत बिहार उद्योग संघ के लघु उद्योग भारती संगठन से जुड़े उद्यमियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि जिले में उद्योग लगाने और निवेश करने की अच्छी संभावनाएं हैं। जरूरत है कि इनका योजनाबद्ध तरीके से उपयोग किया जाए।

सुझावों के आधार पर उद्योग और स्टार्टअप 

जिलाधिकारी ने जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को निर्देश दिया कि उद्यमियों से मिले सुझावों के आधार पर उद्योग और स्टार्टअप शुरू करने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। लाइसेंस, अनापत्ति प्रमाण-पत्र और अन्य प्रशासनिक स्वीकृतियों से जुड़े आवेदनों का तय समय में निपटारा किया जाए। 

उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता देकर उनका समाधान किया जाए, ताकि उद्योग लगाने और चलाने में अनावश्यक परेशानी नहीं हो। बैठक में पटना की पारंपरिक कला को उद्योग से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। 

बनाए उत्पादों का विस्तृत डेटाबेस

टिकुली आर्ट और पटना कलम चित्रकला शैली को प्रोत्साहित कर इनके उत्पादों को व्यावसायिक पहचान दिलाने की संभावनाएं तलाशी गईं। जिलाधिकारी ने नए उद्यमियों के बनाए उत्पादों का विस्तृत डेटाबेस तैयार करने का भी सुझाव दिया। इससे स्थानीय उत्पादों की पहचान, प्रचार और बाजार तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी। 

जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार उद्यमियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि जिले एवं राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इससे आम लोगों की आय में वृद्धि होगी तथा उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।

यह भी पढ़ें- अब गांव की पंचायतों में उगेगा रोजगार, बिहार के 100 पंचायतों में मशरूम की व्यावसायिक खेती; 66 हजार किसान बने FPO के सदस्य


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।