विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IRCTC केस से 'ब्रांड तेजस्वी' पर संकट: कोर्ट में आरोप तय होने से बढ़ेगी सियासी मुश्किल, लालू की राह की याद दिलाता संयोग

Published: Sun, 13 Sep 2026 08:00 AM (GMT+05:30)

तेजस्वी यादव को IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 3 अक्टूबर 2026 को आरोप तय होने से बड़ी कानूनी और राजनीतिक ...और पढ़ें

तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव

HighLights

  1. IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तेजस्वी पर आरोप तय होंगे।

  2. 3 अक्टूबर 2026 को कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

  3. 'ब्रांड तेजस्वी' और राजनीतिक करियर पर गहरा असर।

विकाश चन्द्र पाण्डेय, पटना। कभी देश के सबसे कम उम्र के उप मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनने का रिकॉर्ड बनाने वाले तेजस्वी यादव के सामने अब राजनीतिक करियर की सबसे बड़ी कानूनी चुनौतियों में से एक खड़ी है। आईआरसीटीसी मनी लांड्रिंग मामले में 3 अक्टूबर 2026 को उनके विरुद्ध औपचारिक आरोप तय होने हैं। इसके बाद मामले में ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

राजद इसे राजनीतिक प्रतिशोध का मामला बताता रहा है, लेकिन अदालत की कार्यवाही और मामले में सामने आई टिप्पणियों ने तेजस्वी के लिए राजनीतिक मोर्चे पर नई चुनौती पैदा कर दी है।

खासकर उन मतदाताओं के बीच, जिन्हें तेजस्वी विकास, रोजगार और युवाओं के मुद्दों के आधार पर अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

3 अक्टूबर का संयोग, जब लालू की सजा भी हुई थी

राजनीतिक गलियारों में 3 अक्टूबर की तारीख को लेकर खास चर्चा है। 3 अक्टूबर 2013 को चारा घोटाला मामले में लालू प्रसाद को पांच वर्ष की सजा और 25 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई थी।

अब 3 अक्टूबर 2026 को आईआरसीटीसी मनी लांड्रिंग मामले में तेजस्वी के विरुद्ध औपचारिक आरोप तय होने हैं।

यह महज संयोग है, लेकिन लालू और तेजस्वी के राजनीतिक सफर में कानूनी मामलों की समानांतरता की चर्चा ने राजद के सामने नई चिंता जरूर खड़ी कर दी है। हालांकि आरोप तय होना दोष सिद्ध होना नहीं है और मामले का अंतिम निर्णय अदालत में होना है।

26 की उम्र में डिप्टी सीएम, अब कानूनी चुनौती

तेजस्वी यादव ने महज 26 वर्ष की उम्र में बिहार के उप मुख्यमंत्री बनकर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी पहचान बनाई थी। इसके बाद वह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बने और अब विधानसभा में अपनी तीसरी पारी खेल रहे हैं।

राजद के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी उनके पास है। ऐसे समय में जब पार्टी को एकजुट रखने और महागठबंधन में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने की चुनौती है, आईआरसीटीसी मामला उनके लिए अतिरिक्त दबाव का कारण बन सकता है।

‘ब्रांड तेजस्वी’ के सामने सबसे बड़ी चुनौती साख की

तेजस्वी पिछले कुछ समय से बिहार के विकास, बेरोजगारी और युवाओं के मुद्दों को केंद्र में रखकर खुद को नए दौर के नेता के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन मनी लांड्रिंग से जुड़ा मामला उनकी इस छवि के सामने मुश्किल खड़ी कर सकता है।

राजद के परंपरागत समर्थक उनके साथ बने रह सकते हैं, लेकिन राजनीतिक विश्लेषण के स्तर पर यह सवाल महत्वपूर्ण है कि भ्रष्टाचार के मुद्दे पर संवेदनशील तटस्थ और युवा मतदाताओं के बीच इस मामले का कितना असर पड़ेगा।

कोर्ट की टिप्पणियों से विपक्ष को मिलेगा हमला तेज करने का मौका?

मामले की सुनवाई के दौरान अदालत की ओर से जांच की प्रकृति, समय और दिशा को लेकर की गई टिप्पणी को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजद इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताता रहा है, जबकि विपक्ष पहले से ही तेजस्वी पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर हमलावर है।

आने वाले समय में भाजपा समेत विरोधी दल इस मामले को तेजस्वी की राजनीतिक छवि से जोड़कर मुद्दा बना सकते हैं। इससे राजद के लिए अपने नेता की छवि को बचाए रखना बड़ी चुनौती हो सकती है।

दोष सिद्ध होने पर चुनावी राजनीति पर भी असर

प्रिवेंशन ऑफ मनी लांड्रिंग एक्ट के तहत दोष सिद्ध होने की स्थिति में सजा का प्रावधान है। हालांकि किसी मामले में आरोप तय होना या ट्रायल शुरू होना अपने आप में दोष सिद्ध होना नहीं है।

राजनीतिक रूप से सबसे बड़ा सवाल इस बात का होगा कि मामला किस दिशा में जाता है और अदालत का अंतिम फैसला क्या होता है। दोष सिद्ध होने की स्थिति में सजा की अवधि के आधार पर चुनाव लड़ने की पात्रता पर भी कानूनी असर पड़ सकता है।

महागठबंधन में भी बढ़ सकती है नेतृत्व की बेचैनी

तेजस्वी की कानूनी मुश्किलें केवल व्यक्तिगत स्तर तक सीमित नहीं रहेंगी। महागठबंधन की राजनीति में उनके नेतृत्व और चेहरे को लेकर सहयोगी दलों की रणनीति भी इससे प्रभावित हो सकती है।

यदि मामला लंबा खिंचता है तो तेजस्वी को अदालत और संगठन दोनों मोर्चों पर समय देना पड़ेगा। ऐसे में राजद के भीतर नेतृत्व, संगठन और चुनावी रणनीति को लेकर नए समीकरण बनने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

तटस्थ मतदाता बनेगा असली परीक्षा

तेजस्वी के सामने सबसे अहम चुनौती अपने पारंपरिक जनाधार से आगे बढ़कर तटस्थ और युवा मतदाताओं का भरोसा जीतने की है। यही वर्ग रोजगार, विकास और शासन के साथ भ्रष्टाचार के मुद्दे को भी गंभीरता से देखता है।

ऐसे में आईआरसीटीसी प्रकरण का राजनीतिक असर अदालत के फैसले से कहीं पहले उनकी सार्वजनिक छवि पर पड़ सकता है।

दूसरी ओर, यदि वह कानूनी तौर पर आरोपों से बाहर निकलते हैं तो यही मामला उनके लिए राजनीतिक रूप से अपने पक्ष को मजबूत करने का अवसर भी बन सकता है।

लालू के बाद तेजस्वी की राह पर सबसे बड़ा सवाल

लालू प्रसाद के राजनीतिक जीवन पर चारा घोटाले के मामलों का गहरा असर पड़ा था। अब तेजस्वी के सामने आईआरसीटीसी मामला है। दोनों मामलों की कानूनी प्रकृति अलग है और किसी भी तरह की अंतिम तुलना अदालत के फैसले के बिना उचित नहीं होगी।

फिर भी राजद के लिए चुनौती साफ है तेजस्वी की राजनीतिक पहचान को कानूनी विवाद की छाया से अलग रखते हुए संगठन और मतदाताओं का भरोसा कायम रखना। आने वाले दिनों में अदालत की कार्यवाही के साथ-साथ यही ‘ब्रांड तेजस्वी’ की सबसे बड़ी राजनीतिक परीक्षा होगी।

यह भी पढ़ें- IRCTC होटल केस में बड़ा फैसला: लालू-राबड़ी-तेजस्वी समेत 9 पर मुकदमा, 7 आरोपियों को कोर्ट से राहत

यह भी पढ़ें- IRCTC होटल केस की पूरी कहानी: लालू परिवार पर आरोप क्या हैं, जमीन से कैसे जुड़ा मामला और अब आगे क्या होगा?