बिहार MLC चुनाव पर तेजस्वी यादव का यू-टर्न, दरभंगा में जीतते ही दे दिया ऐसा बयान
तेजस्वी यादव ने विधान परिषद की दरभंगा सीट के परिणाम में देरी पर हेराफेरी की आशंका जताई, हालांकि बाद में सभी विजेताओं को बधाई दी।

तेजस्वी ने जताई राजद को हराने के लिए षड्यंत्र की आशंका
HighLights
तेजस्वी ने दरभंगा सीट परिणाम में देरी पर जताई आशंका।
राजद ने इसे एनडीए की नीतियों के खिलाफ जनादेश बताया।
कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम।
राज्य ब्यूरो, पटना। विधान परिषद में स्नातक कोटे की दरभंगा सीट के परिणाम में देरी पर राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव को हेराफेरी की आशंका होने लगी।
एक्स पर पोस्ट के जरिये उन्होंने इसकी आशंका जताई। बाद में बयान जारी कर सभी आठ सीटों के विजेताओं को हार्दिक बधाई दी। मतदाताओं का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक और स्नातक का यह निर्वाचन एनडीए सरकार के भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग, शिक्षकों एवं युवाओं पर भाजपा की दमनात्मक कार्रवाई तथा एनडीए की जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध शिक्षित समाज का जनादेश है।
उन्होंने कहा कि यह बदलाव का संदेश है। विधानसभा चुनाव के बाद विधान परिषद के भोजपुर स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र का उप चुनाव तथा इन चुनावों में एनडीए की हार से स्पष्ट है कि विधानसभा चुनावों में धन-तंत्र और सरकारी मशीनरी से ही भाजपा को जीत मिली थी।
परिश्रम और विश्वास का परिणाम:
राजद के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने इस जीत को नेताओं-कार्यकर्ताओं की चुस्ती-परिश्रम और जनता के विश्वास का परिणाम बताया।
उन्होंने कहा कि मुस्तैदी से डटे कार्यकर्ताओं ने एनडीए के दबाव में हो रहे खेल को विफल कर दिया और बता दिया कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लोकतंत्र और लोकतांत्रिक अधिकार के लिए राजद पूर्णतया समर्पित है।
प्रबुद्ध वर्ग और स्नातक वोटरों ने भाजपा की चाल को जिस तरह विफल किया, वह भविष्य में बिहार की राजनीति को एक नया आयाम और नई दिशा देगा।
यह भी पढ़ें- Bihar MLC Chunav में RJD का 'खेला': तीसरी वरीयता के वोटों से पलटी बाजी, लेकिन स्ट्राइक रेट में BJP आगे
यह भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव 2026: अपनों से मुकाबला, सीटिंग सीट भी गंवाई; कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर सवाल
