विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'रात वाला उतरा नहीं...'; तेजस्‍वी की फिसली जुबान तो मांझी ने सुनाई खरी-खरी, बोले- नशा कुछ भी करा सकता है

Published: Tue, 18 Aug 2026 01:29 PM (IST)

तेजस्वी यादव ने दशरथ मांझी की पुण्यतिथि पर जीतन राम मांझी का नाम लेकर गलती की, जिस पर उन्होंने तुरंत ...और पढ़ें

HighLights

  1. तेजस्वी ने दशरथ मांझी की जगह जीतन राम मांझी का नाम लिया।

  2. जीतन राम मांझी ने तेजस्वी पर तीखा तंज कसा।

  3. भाजपा ने भी तेजस्वी यादव की गलती पर निशाना साधा।

राज्‍य ब्‍यूरो, पटना। पर्वत पुरुष दशरथ मांझी की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव से एक चूक हो गई।

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने दशरथ मांझी की जगह केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का नाम ले लिया। हालांकि, मंच से टोकने के बाद तेजस्वी यादव ने तुरंत अपनी गलती सुधार ली।

तेजस्वी के इस बयान का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने तेजस्वी यादव के वीडियो को अपने एक्स हैंडल पर साझा करते हुए उन पर तीखा तंज कसा।

जीतन राम मांझी ने तेजस्वी पर कसा तंज

जीतन राम मांझी ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, 'नशा शराब में होती तो नाचती बोतल'। उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा कि लगता है कि 'बाबू साहब का रात वाला उतरा नहीं था, इसलिए मुझे श्रद्धांजलि दे रहे हैं।'

केंद्रीय मंत्री ने अपने पोस्ट में तेजस्वी पर निशाना साधते हुए यह भी लिखा कि अगर हालात नहीं सुधरे तो आने वाले समय में वह जीते जी अपने पिता लालू प्रसाद और मां राबड़ी देवी को भी श्रद्धांजलि दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशा कुछ भी करा सकता है।

भाजपा ने भी तेजस्वी पर साधा निशाना

इस मामले में बिहार भाजपा ने भी तेजस्वी यादव पर तंज कसा है। भाजपा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'आप से न हो पाएगा। दशरथ मांझी जी को श्रद्धांजलि देनी थी, शहजादे ने जीतन राम मांझी जी को ही श्रद्धांजलि दे दी!'

तेजस्वी यादव की जुबान फिसलने की इस घटना को लेकर अब बिहार की राजनीति में बयानबाजी शुरू हो गई है। एक ओर जहां जीतन राम मांझी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है, वहीं भाजपा ने भी इसे लेकर राजद नेता पर निशाना साधा है।

कार्यक्रम में तेजस्वी यादव दशरथ मांझी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। इसी दौरान बोलते हुए उनसे यह गलती हुई, जिसके बाद जीतन राम मांझी ने इसे लेकर तेजस्वी पर निशाना साधा है।

यह भी पढ़ें- फायरिंग से लेकर गोल‍ियों के हिसाब तक, तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार से पूछे 15 सवाल