फायरिंग से लेकर गोलियों के हिसाब तक, तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार से पूछे 15 सवाल
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने छात्रों पर फायरिंग के सिवान मामले में सम्राट चौधरी सरकार से 15 तीखे सवाल पूछे ...और पढ़ें

तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार से पूछे तीखे सवाल। फाइल
HighLights
तेजस्वी ने छात्रों पर फायरिंग मामले में 15 सवाल पूछे।
AK-47 के इस्तेमाल और कमांड-चेन पर उठाए सवाल।
मुख्यमंत्री की चुप्पी और अधिकारियों की जवाबदेही पर जोर।
डिजिटल डेस्क, पटना। 19 अगस्त को प्रस्तावित राजभवन मार्च से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी सरकार पर तीखा हमला बोला है।
छात्रों पर फायरिंग के मामले को लेकर उन्होंने सरकार से 15 सवाल पूछे हैं। तेजस्वी ने कहा कि छात्र-छात्राओं के सवालों का सरकार को जवाब देना चाहिए।
उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर एक-एक कर 15 सवाल उठाते हुए AK-47 के आवंटन, पुलिस की कमांड-चेन, फायरिंग के आदेश और जांच की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं।
सिवान फायरिंग मामले में लगातार हमलावर तेजस्वी यादव वहां के एसपी पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बीते दिनों भी उन्होंने सरकार को खरी-खरी सुनाई थी।
तेजस्वी के सरकार से 15 सवाल
1. सिपाही के पास AK-47 आई कैसे?
तेजस्वी यादव ने पूछा कि छात्रों पर गोलीबारी करने वाले सिपाही के पास AK-47 कैसे पहुंची? निलंबित सिपाही को यह हथियार किस यूनिट या शस्त्रागार से जारी किया गया था?
2. हथियार जारी करने का आदेश किसने दिया?
उन्होंने पूछा कि AK-47 जैसे आधुनिक हथियार को जारी करने का आदेश किस अधिकारी ने दिया? हथियार आवंटन की पूरी कमांड-चेन की भूमिका सामने आनी चाहिए।
3. आरोपित सिपाही किस यूनिट में तैनात था?
तेजस्वी ने पूछा कि आरोपित सिपाही किस यूनिट में तैनात था। क्या वह नियमित जिला पुलिस का हिस्सा था, एसपी की सुरक्षा में तैनात था या STF/SIT जैसी किसी विशेष इकाई से जुड़ा था?
4. क्या सिपाही आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन से जुड़ा था?
उन्होंने सवाल किया कि क्या वह सिपाही आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन से जुड़ा था। यदि वह किसी विशेष बल का जवान था तो उसकी वास्तविक तैनाती और जिम्मेदारी क्या थी?
5. छात्र प्रदर्शन में पहले कभी AK-47 का इस्तेमाल हुआ?
तेजस्वी ने पूछा कि क्या इससे पहले कभी छात्र प्रदर्शन में AK-47 का इस्तेमाल हुआ है। सामान्य कानून-व्यवस्था या छात्र प्रदर्शन की ड्यूटी में इतनी मारक क्षमता वाले हथियार की जरूरत क्यों पड़ी?
6. क्या भीड़ नियंत्रण में AK-47 की अनुमति थी?
उन्होंने सवाल किया कि क्या AK-47 लेकर भीड़ नियंत्रण की अनुमति थी। क्या Crowd Management के SOP का पालन किया गया था?
7. फायरिंग का आदेश किसने दिया?
तेजस्वी ने पूछा कि फायरिंग का आदेश किसने दिया। साथ ही उन्होंने सवाल किया कि जिले के पुलिस अधीक्षक पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
8. कितनी गोलियां चलीं और कितने राउंड जारी हुए?
उन्होंने पूछा कि फायरिंग में कितनी गोलियां चलीं और कितने राउंड जारी किए गए थे। हथियार के साथ जारी किए गए और इस्तेमाल किए गए कारतूसों का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
9. हथियार का बैलिस्टिक और फोरेंसिक परीक्षण हुआ?
तेजस्वी ने सवाल किया कि इस्तेमाल किए गए हथियार का बैलिस्टिक और फोरेंसिक परीक्षण कराया गया है या नहीं।
10. बॉडी कैमरा या वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध है?
उन्होंने पूछा कि क्या मौके पर पुलिसकर्मियों के बॉडी कैमरे या कोई अन्य वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध है। फायरिंग से ठीक पहले और उसके बाद की पूरी गतिविधि सामने आनी चाहिए।
11. हथियार जारी करने वाले अधिकारी की जवाबदेही तय होगी?
तेजस्वी ने पूछा कि यदि AK-47 गलत ड्यूटी पर पहुंची तो केवल सिपाही को निलंबित करना पर्याप्त है या हथियार जारी करने वाले अधिकारी की भी जवाबदेही तय होगी?
12. कमांड-चेन की जांच होगी या नहीं?
उन्होंने सवाल किया कि क्या मामले में पूरी कमांड-चेन की जांच होगी। जांच केवल गोली चलाने वाले जवान तक सीमित न रहकर ऊपर के अधिकारियों तक क्यों नहीं पहुंचनी चाहिए?
13. वरीय अधिकारियों की जवाबदेही क्यों तय नहीं हुई?
तेजस्वी ने कहा कि AK-47 जैसे विशेष आधुनिक हथियार के इस्तेमाल में प्रशिक्षण, आदेश और जवाबदेही तीनों महत्वपूर्ण हैं। फिर इस घटना में वरीय अधिकारियों की जवाबदेही अब तक क्यों तय नहीं हुई?
14. गृह विभाग की भूमिका क्या है?
उन्होंने गृह विभाग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूछा कि हथियारों की तैनाती और कानून-व्यवस्था की पूरी व्यवस्था की निगरानी कैसे होती है। इस मामले में गृह विभाग की जिम्मेदारी क्या है?
15. क्या केवल विभागीय जांच पर्याप्त होगी?
तेजस्वी ने अंतिम सवाल में पूछा कि क्या इस मामले की विभागीय जांच ही पर्याप्त होगी? क्या मामला केवल अनुशासनात्मक कार्रवाई तक सीमित रहेगा या स्वतंत्र जांच में हथियार आवंटन और पूरी कमांड-चेन की भी पड़ताल होगी?
मुख्यमंत्री की चुप्पी पर भी उठाया सवाल
तेजस्वी यादव ने इन सवालों के जरिए सरकार से जवाब मांगते हुए कहा कि राज्य की जनता और खासकर युवा जानना चाहते हैं कि इस मामले में मुख्यमंत्री क्यों चुप्पी साधे हुए हैं।
19 अगस्त को प्रस्तावित राजभवन मार्च से पहले तेजस्वी के इन सवालों से बिहार की सियासत में छात्रों पर फायरिंग का मुद्दा और गरमाने के आसार हैं।
यह भी पढ़ें- 19 अगस्त को राजभवन मार्च, तेजस्वी के बाद लालू ने भी भरी हुंकार; छात्र-युवाओं से की पटना पहुंचने की अपील
