19 अगस्त को राजभवन मार्च, तेजस्वी के बाद लालू ने भी भरी हुंकार; छात्र-युवाओं से की पटना पहुंचने की अपील
राजद ने पेपरलीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर 19 अगस्त को पटना में राजभवन मार्च का ऐलान किया ...और पढ़ें

तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद। फाइल
HighLights
राजद का 19 अगस्त को पटना में राजभवन मार्च।
लालू-तेजस्वी ने छात्र-युवाओं से एकजुट होने की अपील की।
पेपरलीक, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था मुख्य मुद्दे।
डिजिटल डेस्क, पटना। पेपरलीक, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और सिवान फायरिंग के मुद्दे को लेकर राजद ने सरकार के खिलाफ आंदोलन का एलान किया है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आह्वान पर 19 अगस्त को पटना में राजभवन मार्च निकाला जाएगा। अब राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी छात्र-युवा शक्ति से इस आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
लालू प्रसाद ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट कर छात्र-युवाओं से 19 अगस्त को पटना में एकजुट होने का आह्वान किया। सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक मांगों को सुनने के बजाय आंदोलनकारियों पर एके-47 से गोलियां बरसाई जा रही हैं।

लालू ने कहा- 19 अगस्त को पटना में एकजुट हों छात्र-युवा
लालू प्रसाद ने अपने पोस्ट में कहा कि पेपरलीक, शिक्षा व्यवस्था और रोजगार से जुड़े सवालों को लेकर छात्र और युवा लगातार परेशान हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले युवाओं की आवाज सुनी जानी चाहिए।
उन्होंने छात्र-युवाओं से अपील करते हुए कहा कि इस तानाशाही के विरुद्ध सभी लोग 19 अगस्त को पटना में एकजुट हों और आंदोलन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
तेजस्वी ने सरकार से पूछे कई सवाल
इससे पहले तेजस्वी यादव ने भी 19 अगस्त के राजभवन मार्च को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर सरकार से कई सवाल पूछे।
तेजस्वी ने पूछा कि बिहार में कोई भी परीक्षा बिना पेपरलीक के क्यों नहीं होती? क्या नौकरी में निष्पक्ष और पारदर्शी चयन होता है? बिहार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार पीछे क्यों है? क्या भर्ती प्रक्रिया में भेदभाव और पक्षपात नहीं होता?
तेजस्वी यादव ने बेरोजगारी के मुद्दे को भी उठाते हुए पूछा कि देश के सबसे युवा प्रदेश के नौजवान सबसे अधिक बेरोजगार क्यों हैं।
उन्होंने सिवान फायरिंग की घटना का जिक्र करते हुए सरकार से सवाल किया कि लोकतांत्रिक तरीके से हक-अधिकार मांगने वाले छात्रों पर एके-47 से गोलियां किसने चलवाईं।
'युवा एकजुट होकर अपनी ताकत का प्रदर्शन करें'
तेजस्वी यादव ने कहा कि इन सभी सवालों का जवाब लेने के लिए युवाओं को एकजुट होना होगा। उन्होंने 19 अगस्त को पटना में अपनी ताकत का प्रदर्शन करने और सरकार की जवाबदेही तय करने की अपील की।
राजद की ओर से इस आंदोलन को छात्र-युवा मुद्दों से जोड़कर सरकार को घेरने की तैयारी की जा रही है। लालू प्रसाद के समर्थन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और छात्र-युवा समर्थकों की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है।
