विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरु गोविंद सिंह के नाम पर होना था पुल, बन गया 'नीतीश सेतु'; तेजस्वी ने सरकार से पूछा- नामकरण का फैसला कैसे बदल गया?

Published: Fri, 20 Nov 2026 03:47 PM (IST)

राजद के तेजस्वी यादव ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखे जाने पर सवाल उठाया है, दावा किया कि पहले इसका नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय या गुरु गोविंद सिंह के नाम पर रखने की सहमति थी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर भी पुल के उद्घाटन के बहाने राजनीतिक श्रेय लेने का आरोप लगाया।

अक्षयवट राय के नाम पर नामकरण का था प्रस्ताव

अक्षयवट राय के नाम पर नामकरण का था प्रस्ताव

HighLights

  1. तेजस्वी ने 'नीतीश सेतु' नामकरण पर सरकार को घेरा।

  2. पहले अक्षयवट राय या गुरु गोविंद सिंह नाम प्रस्तावित था।

  3. पीएम मोदी पर श्रेय लेने का आरोप भी लगाया।

राज्य ब्यूरो, पटना। कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के नामकरण को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखे जाने पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेरा है। उन्होंने दावा किया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सहमति इस पुल का नाम क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखने की थी। इसके बावजूद सरकार ने नामकरण के वक्त अलग फैसला लिया। तेजस्वी ने अपने बयान के साथ विधानसभा में दिए गए गैर-सरकारी संकल्प की प्रति भी सार्वजनिक की है।

अक्षयवट राय के नाम पर नामकरण का था प्रस्ताव

तेजस्वी यादव के मुताबिक, कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखने को लेकर पहले सहमति बनी थी। उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार की स्थिति ऐसी हो गई थी कि वे सक्रिय रूप से निर्णय लेने की अवस्था में नहीं थे, तब उन्होंने विधानसभा में गैर-सरकारी संकल्प के माध्यम से इस मांग को दोबारा उठाया था। तेजस्वी का दावा है कि उस समय सरकार की ओर से जवाब दिया गया था कि पुल का नाम गुरु गोविंद सिंह के नाम पर रखा जाएगा।

गुरु गोविंद सिंह का हवाला, फिर कैसे बना 'नीतीश सेतु'?

राजद नेता ने नामकरण के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने विधानसभा में गुरु गोविंद सिंह के नाम पर पुल का नाम रखने की बात कही थी, लेकिन अब इसका नाम एक जीवित व्यक्ति के नाम पर कर दिया गया।

तेजस्वी ने इसे राजनीतिक फैसला बताते हुए आरोप लगाया कि नीतीश कुमार की राजनीति को भाजपा पहले ही दफन कर चुकी है। उनका यह बयान पुल के नामकरण को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच नई राजनीतिक बहस का आधार बन गया है।

उद्घाटन के एक साल पांच महीने बाद फिर फीता काटने पर सवाल

तेजस्वी यादव ने पुल के उद्घाटन को लेकर भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा। उनके अनुसार, पुल का उद्घाटन करीब एक साल पांच महीने पहले हो चुका है और एक साल से इस पर वाहनों का परिचालन भी जारी है।

इसके बावजूद प्रधानमंत्री द्वारा दोबारा उद्घाटन किए जाने की तैयारी पर उन्होंने सवाल उठाया। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि दूसरों के निर्माण कार्यों का फीता काटने के शौकीन प्रधानमंत्री इस पुल पर भी अपने नाम का शिलापट्ट लगवाना चाहते हैं।

पुल के निर्माण में केंद्र का योगदान नहीं होने का दावा

तेजस्वी ने दावा किया कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के निर्णय और निर्माण में केंद्र सरकार का कोई आर्थिक योगदान नहीं रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद प्रधानमंत्री इस पुल के उद्घाटन के बहाने राजनीतिक श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।

तेजस्वी ने वैशाली और राघोपुर की ऐतिहासिक पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री इस क्षेत्र में खड़े होकर पुल के साथ तस्वीर खिंचवाना चाहते हैं।

नामकरण से विकास कार्यों के श्रेय तक, सियासत तेज

कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल अब केवल आवागमन की सुविधा नहीं, बल्कि बिहार की राजनीतिक बयानबाजी का नया केंद्र बन गया है। एक ओर पुल के नामकरण को लेकर अक्षयवट राय और गुरु गोविंद सिंह के नाम का मुद्दा उठाया जा रहा है, तो दूसरी ओर इसके उद्घाटन और निर्माण के श्रेय को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। तेजस्वी के बयान ने इस पूरे मामले को राजनीतिक बहस में बदल दिया है।

यह भी पढ़ें- बिहार को मिलेगी 4 लाख करोड़ की सौगात: वैशाली से PM मोदी करेंगे 'नीतीश सेतु' का लोकार्पण, क्या है सीमांचल कनेक्शन?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।