MLA मैथिली ठाकुर के पिता पर जमीन कब्जाने और धमकाने के आरोप, तेज प्रताप ने सरकार से की जांच की मांग
तेज प्रताप यादव ने विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर पर लगे जमीन हड़पने के आरोपों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

तेज प्रताप यादव और मैथिली ठाकुर। (फाइल फोटो)
HighLights
तेज प्रताप ने रमेश ठाकुर पर जमीन हड़पने के आरोपों की जांच की।
राजनीतिक रसूख के दुरुपयोग पर सवाल, निष्पक्ष जांच की अपील की।
किसानों के हक में तेज प्रताप का संघर्ष जारी रहेगा।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में जमीन पर अवैध कब्जे और किसानों के अधिकारों को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है।
जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर पर लग रहे जमीन हड़पने और लोगों को धमकाने के आरोपों पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने राज्य सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
राजनीतिक रसूख के दुरुपयोग पर उठाए सवाल
तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट करते हुए लिखा कि राज्य में गरीबों, किसानों और आम नागरिकों की भूमि की सुरक्षा एक गंभीर मुद्दा बनती जा रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या आज बिहार का किसान अपनी ही पुश्तैनी जमीन पर सुरक्षित है या किसी रसूखदार व राजनीतिक परिवार के दबाव में उसकी संपत्ति छीनी जा सकती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधि बनने का अर्थ जनता की सेवा करना है, न कि पद और प्रभाव की आड़ में कमजोर वर्ग के अधिकारों का हनन करना।
दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग
बिहार सरकार से तत्काल संज्ञान लेने की अपील करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि कानून सभी के लिए एक समान होना चाहिए, फिर चाहे वह किसी विधायक का परिजन हो या कोई अन्य प्रभावशाली व्यक्ति।
उन्होंने मांग की कि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर सच्चाई को जनता के सामने लाए और यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
किसानों के हक में जारी रहेगा संघर्ष
एक किसान के लिए जमीन के महत्व को रेखांकित करते हुए जनशक्ति जनता दल के प्रमुख ने कहा कि यह उसकी जीवन भर की कमाई और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का आधार होती है। किसी को भी डरा-धमकाकर उस पर कब्जा करने की इजाजत नहीं दी जा सकती।
उन्होंने दोहराया कि उनकी पार्टी वंचितों, गरीबों और किसानों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज बुलंद करती रहेगी।
यह भी पढ़ें- दरभंगा में MLA मैथिली ठाकुर के पिता पर सरकारी और निजी जमीन कब्जाने का आरोप, ग्रामीणों ने CMO तक भेजी शिकायत