दरभंगा में MLA मैथिली ठाकुर के पिता पर सरकारी और निजी जमीन कब्जाने का आरोप, ग्रामीणों ने CMO तक भेजी शिकायत
ग्रामीणों ने दरभंगा में विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर पर सरकारी व निजी जमीन, साथ ही सामूहिक श्राद्धस्थल ...और पढ़ें

पोखरभिंडा में विधायक के पिता की ओर से निर्माण कराया गया गेट। ग्रामीण इसे मंदिर की भूमि बताकर गेट बनवाने का आरोप लगा रहे हैं। जागरण।
HighLights
विधायक मैथिली ठाकुर के पिता पर अतिक्रमण का आरोप।
सरकारी जमीन, सड़क और निजी भूखंडों पर कब्जा।
ग्रामीणों ने सीएमओ तक शिकायत दर्ज कराई।
संवाद सहयोगी, तारडीह (दरभंगा)। बिहार में दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड की पोखरभिंडा पंचायत में अतिक्रमण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने अलीनगर की विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर पर सरकारी जमीन, सड़क और निजी जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है।
इस संबंध में ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से अंचल अधिकारी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सीएमओ कार्यालय तक भी शिकायत भेजकर न्याय की गुहार लगाई गई है। ग्रामीणों ने सहयोग पोर्टल पर भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान के समीप सामूहिक श्राद्धस्थल की जमीन तथा शशिनाथ मिश्रा चौक से वाटरवेज तक जाने वाली सड़क के हिस्से पर अतिक्रमण किया गया है।
यह सड़क मुख्य सड़क से जुड़ती है और ग्रामीणों के खेतों तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर निर्माण कार्य करा दिए जाने से आवागमन बाधित हो गया है। इससे खेती-बारी और घरेलू कार्यों में परेशानी हो रही है।
-1794324209854.webp)
करीब तीन कट्ठा निजी जमीन के 14 धूर पर जबरन कब्जा
गांव के गगन कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया कि उनकी करीब तीन कट्ठा निजी जमीन के 14 धूर पर जबरन कब्जा कर बाउंड्रीवाल बना दी गई है। इससे बाग-बगीचे तक जाने का रास्ता भी अवरुद्ध हो गया है।
वहीं, रामउदार मिश्र ने अपनी 15 धूर जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जमीन के बदले दूसरी जमीन देने की बात हुई थी, लेकिन न तो जमीन बदली गई और न ही उसका मूल्य दिया गया।
ग्रामीणों ने तालाब से निकलने वाले नाले को भरकर वहां जमीन की रखवाली करने वाले व्यक्ति के लिए घर बनाने तथा शेष जमीन पर सड़क बना लेने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि तिवारी बाबा स्थान और सामूहिक श्राद्धस्थल की जमीन को लेकर भी ग्रामीणों पर दबाव बनाया जा रहा है।
गांव की बाबू दाय देवी ने बताया कि उनके बच्चे बाहर रहते हैं। आरोप है कि उनकी जमीन के बगल में मिट्टी कटाई कर दी गई है, जिससे उनकी जमीन का करीब दो से तीन गज हिस्सा कटकर गिरने के कगार पर है। उसमें पेड़ के साथ सरकारी ट्रांसफार्मर भी लगा है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कुछ अन्य लोगों की जमीन में मिट्टी कटाई की गई है, जहां उनके पूर्वजों की समाधियां बनी हुई हैं। विधायक के पिता के द्वारा जिन लोगों से जमीन ली गई उन्हीं का रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है।
इस संबंध में प्रभारी अंचलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। दोनों पक्षों को जनता दरबार के लिए नोटिस जारी कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
इस बाबत पूछने पर पोखरभिंडा के सरपंच हरेराम चौपाल ने कहा कि इस मामले को लेकर अब तक ग्राम कचहरी में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। लोक संवाद में ग्रामीणों ने इस मुद्दे को उठाया था।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार कुछ लोग जमीन बेच चुके हैं, जबकि कुछ बेचने के पक्ष में नहीं हैं। अधिकारियों के पास आवेदन दिया गया है। विशेष जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
वहीं विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर ने वाट्सएप पर बताया कि थोड़ा इंतजार कीजिए, पटना से बाहर हूं। उन्हीं लोगों से जमीन ली गई है। सीओ जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने दीजिए।
यह भी पढ़ें- दरभंगा में शराब धंधेबाजों को पकड़ने पहुंची पुलिस से भिड़े लोग, महिला सिपाही चोटिल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।