लालू परिवार में 'भाई-बहन' फिर साथ! तेजस्वी के पक्ष में उतरे तेज प्रताप यादव, बहन रोहिणी भी बनीं ढाल
तेज प्रताप यादव ने छात्रों के मुद्दों पर तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च का समर्थन किया है। यह लालू परिवार ...और पढ़ें

लालू प्रसाद के परिवार में दिखने लगी एकजुटता।
HighLights
तेज प्रताप ने तेजस्वी के छात्र मार्च का समर्थन किया।
लालू परिवार में मतभेदों के बाद एकजुटता के संकेत।
रोहिणी आचार्य भी तेजस्वी के पक्ष में खड़ी हुई थीं।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की राजनीति में लालू परिवार को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही खींचतान के बीच अब परिवार में एकजुटता के संकेत दिखाई देने लगे हैं।
तेजस्वी यादव के पक्ष में उनकी बहन रोहिणी आचार्य के उतरने के बाद अब बड़े भाई तेज प्रताप यादव ने भी उनके राजनीतिक कदम का समर्थन किया है।
तेज प्रताप ने सिवान में छात्रों पर हुई फायरिंग और छात्र-युवाओं के मुद्दों को लेकर तेजस्वी यादव की ओर से निकाले जा रहे लोकभवन मार्च का समर्थन किया है।
तेज प्रताप यादव ने बुधवार को अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा कि सिवान में छात्रों पर हुई फायरिंग और छात्रों के घायल होने की घटना बेहद चिंताजनक है। पेपर लीक सहित छात्रों और नौजवानों के हक की लड़ाई लगातार जारी है।
तेजस्वी के मार्च को दिया समर्थन
तेज प्रताप ने अपनी पोस्ट में कहा कि छात्रों के मुद्दों को लेकर हुए आंदोलन में वह स्वयं भी शामिल हुए थे और इसके लिए उन्हें तीन दिन जेल में रहना पड़ा था।
उन्होंने कहा कि आज अगर राजद नेता तेजस्वी यादव छात्रों और युवाओं की मांगों को लेकर मार्च निकाल रहे हैं तो जनशक्ति जनता दल की ओर से वह इस मार्च का समर्थन करते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों और युवाओं के हित में उठाई जा रही आवाज को उनका समर्थन जारी रहेगा। तेज प्रताप ने कहा कि जनशक्ति जनता दल छात्रों और नौजवानों के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाता रहेगा।
'जब तक मांगें पूरी नहीं, जारी रहेगी लड़ाई'
तेज प्रताप ने कहा कि जब तक छात्रों और युवाओं की जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनकी पार्टी की लड़ाई और आवाज जारी रहेगी। उन्होंने अपनी पोस्ट का समापन 'छात्रों का हक, हमारी लड़ाई, युवाओं की आवाज, हमारी आवाज' के नारे के साथ किया।
लालू परिवार में फिर दिखने लगी एकजुटता
तेज प्रताप का यह बयान ऐसे समय आया है जब लालू परिवार के भीतर राजनीतिक और पारिवारिक मतभेदों को लेकर लगातार चर्चा होती रही है।
कुछ दिनों पहले तेज प्रताप और रोहिणी आचार्य के बयानों को लेकर परिवार में दूरी की तस्वीर सामने आई थी। हालांकि, हाल के घटनाक्रम में रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी के पक्ष में बयान दिया और अब तेज प्रताप ने भी उनके आंदोलन का समर्थन किया है।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की ओर से तेजस्वी पर किए गए कटाक्ष के बाद रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी का बचाव किया था। इसके बाद अब तेज प्रताप का समर्थन राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि, तेज प्रताप ने अपने बयान में पारिवारिक विवाद का जिक्र किए बिना सीधे छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर अपना समर्थन जताया है।
सिवान फायरिंग और छात्र मुद्दों पर तेजस्वी का मार्च
सिवान में एके-47 से फायरिंग और छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लोकभवन मार्च निकाला जा रहा है।
परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, नियमितता और जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा छात्रों और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर राजद इस मार्च के जरिए सरकार को घेरने की तैयारी में है।
ऐसे में तेज प्रताप यादव का समर्थन इस आंदोलन को लेकर लालू परिवार की ओर से सामने आया एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- तेजस्वी को मांझी ने घेरा तो बहन रोहिणी आचार्य बनीं ढाल, मंत्री श्रेयसी सिंह पर भी साधा निशाना
यह भी पढ़ें- लोकभवन मार्च के दौरान चले वाटर कैनन, तेजस्वी-मीसा समेत RJD के कई नेता हिरासत में, देखें तस्वीरें
