यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 14, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar News: अवैध खनन में नपे 16 इंस्पेक्टर-दारोगा का निलंबन हुआ वापस, चलती रहेगी विभागीय कार्रवाई
बालू के अवैध खनन मामले में करीब ढाई साल से निलंबित 16 पुलिस पदाधिकारियों को राहत मिली है। पुलिस मुख्यालय ...और पढ़ें

HighLights
- अवैध खनन में निलंबित 16 इंस्पेक्टर-दारोगा हुए बहाल।
- करीब ढाई साल से चल रहे थे सस्पेंड।
राज्य ब्यूरो, पटना। बालू के अवैध खनन मामले में करीब ढाई साल से निलंबित चल रहे 16 पुलिस पदाधिकारियों को राहत मिली है। पुलिस मुख्यालय ने इनका निलंबन वापस ले लिया है। इनमें तीन इंस्पेक्टर और 13 दारोगा शामिल हैं। हालांकि इन पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही चलती रहेगी।
निलंबन समाप्त होने के बाद इन पुलिस पदाधिकारियों की पोस्टिंग संभव हो सकेगी। इसके साथ ही अहर्ता पूरी करने पर वेतनमान सहित कार्यकारी उच्चतर प्रभार का लाभ भी मिल सकेगा।
पुलिस मुख्यालय ने जारी आदेश में क्या कहा ?
पुलिस मुख्यालय ने आदेश जारी कर कहा है कि इन पुलिस पदाधिकारियों के निलंबन अवधि के समायोजन के संबंध में इनके विरुद्ध संचालित विभागीय कार्यवाही में निर्णय लिया जाएगा।
पटना व गया क्षेत्र के आइजी तथा सारण व शाहाबाद क्षेत्र के डीआईजी को इन पदाधिकारियों के विरुद्ध संचालित विभागीय कार्यवाहियों का शीघ्र निबटारा कर पुलिस मुख्यालय को रिपोर्ट भेजने को कहा गया है।
पुलिस एसोसिएशन ने मुख्यालय को दिया धन्यवाद
बिहार पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह ने इस फैसले के लिए डीजीपी आरएस भट्टी और पुलिस मुख्यालय के पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया है।
आर्थिक अपराध इकाई की जांच में बालू के अवैध खनन में संलिप्तता के आरोप में जुलाई 2021 में एक साथ चार इंस्पेक्टर और 14 दारोगा को निलंबित कर दिया गया था।
इनका निलंबन हुआ वापस
इंस्पेक्टर : अरविंद कुमार गौतम, अवधेश कुमार झा, इंस्पेक्टर सुनील कुमार।
दारोगा : कृपा शंकर साह, राज कुमार, रहमतुल्लाह, बिजेंद्र प्रताप सिंह, कुंवर प्रसाद गुप्ता, दीप नारायण सिंह, राजेश कुमार चौधरी, संजय प्रसाद, दिनेश कुमार दास, अशोक कुमार, रामपुकार राम, पंकज कुमार, सतीश कुमार सिंह।
यह भी पढ़ें: BPSC TRE: नौकरी देने के मामले में बिहार ने पूरे देश में रचा इतिहास, महज 72 दिनों में कर डाली 2.17 लाख नियुक्ति