यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 13, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ओवैसी के गढ़ में कांग्रेस की डूबी नैया को पार लगाने आएंगे राहुल गांधी, भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत पहुंचेंगे पूर्णिया
असादुद्दीन ओवैसी का गढ़ माने जाने वाले सीमांचल से भी कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुजरेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ ...और पढ़ें

HighLights
- मणिपुर से आज शुरु हो रही कांग्रेस नेता की यात्रा से सीमांचल में बढ़ी सियासी सरगर्मी।
- जनवरी के अंतिम सप्ताह में पूर्णिया पहुंचेंगे राहुल गांधी, निजी सलाहकार ने किया दौरा।
प्रकाश वत्स, पूर्णिया। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असादुद्दीन ओवैसी का गढ़ माने जाने वाले सीमांचल से भी कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुजरेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी खुद इस इलाके में दस्तक देंगे। जनवरी के अंतिम सप्ताह में राहुल गांधी यात्रा के दौरान सीमांचल में पहुंचेंगे।
अभी तक के रूट के अनुसार, वे पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से किशनगंज के ठाकुरगंज होते हुए पूर्णिया जिले के जलालगढ़ पहुंचेंगे। जलालगढ़ से यह यात्रा पूर्णिया शहर पहुंचेंगी और यहां रंगभूमि मैदान में सभा होगी। ।
2020 के विधानसभा चुनाव में सीमांचल की चार सीटों पर जीत दर्ज कर कांग्रेस के साथ राजद की नींद खराब करने वाले ओवैसी के पास अब मात्र एक विधायक बचे हैं। तीन विधायक राजद में मिल चुके हैं।
ये सीमांचल के चार ऐसे सीट हैं, जहां अल्पसंख्यक आबादी जीत-हार का अहम फैक्टर है। पहले इन सीटों पर कांग्रेस व राजद का कब्जा हुआ करता था। ऐसे में ओवैसी के इस लूटे खोह में राहुल गांधी की दस्तक ने शीतलहर के बीच सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है।
तय रूट का किया जा रहा अध्ययन
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर यहां प्रदेश स्तरीय नेताओं का आगमन भी शुरु हो गया है। राहुल गांधी के निजी सलाहकार बायजू जी भी तय रूट का दौरा कर चुके हैं।
प्रदेश अध्यक्ष का दौरा हो चुका है। इस पूरे रूट का हर राजनीतिक सहित सुरक्षा आदि के बिंदुओं पर अध्ययन किया जा रहा है।
फिलहाल, कांग्रेस के इस कार्यक्रम पर महागठबंधन के अन्य दलों की नजर भी टिकी हुई है। इधर सूबे में सशक्त विपक्ष की भूमिका निभा रही भाजपा की नजर भी इस पर टिकी हुई है।
कंटेनर में होगा रात्रि विश्राम, 108 सदस्यों का होगा कुनबा
पूर्णिया जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयवर्द्धन सिंह ने बताया कि यह तय हो गया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आगमन जनवरी के अंतिम सप्ताह में होगा। निश्चित तिथि यात्रा को देखते हुए तय होती है। 14 जनवरी से मणिपुर से यह यात्रा शुरु हो रही है।
असम व पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी होते हुए ठाकुरगंज व जलालगढ़ के बाद वे पूर्णिया पहुंचेंगे। यहां रंगभूमि मैदान में जनसभा के बाद इंदिरा गांधी स्टेडियम में ही रात्रि विश्राम होगा।
इसके लिए हर आवश्यक इंतजाम उनके साथ चलने वाली टीम के पास होता है। कुल 108 लोगों का यह दल है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी रात्रि विश्राम साथ चलने वाले विशेष कंटेनर में ही करते हैं।