एसपी स्वीटी सहरावत और आशीष भारती समेत 7 पुलिस अफसरों को केंद्रीय दक्षता पदक, बिहार का बढ़ाया मान
बिहार पुलिस के एसपी आशीष भारती, स्वीटी सहरावत समेत कुल 7 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया गया है।

एसपी आशीष भारती और स्वीटी सहरावत। (फाइल फोटो)
HighLights
आशीष भारती को रोहतास अपहरण मामले में सम्मान।
स्वीटी सहरावत को पाटलिपुत्र डबल मर्डर के लिए पदक।
सीबीआई डीएसपी अमित कुमार को भी दक्षता पदक मिला।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार पुलिस के एसपी आशीष भारती और स्वीटी सहरावत समेत सात पुलिस पदाधिकारियों को वर्ष 2026 के लिए ‘केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक’ से सम्मानित किया गया है।
इसके अलावा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) पटना के डीएसपी अमित कुमार और बिहार की विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के असिस्टेंट डायरेक्टर नीरज कुमार वार्ष्णेय को भी दक्षता पदक के लिए चुना गया है।
इस तरह बिहार के खाते में कुल नौ पदक आए हैं। यह पदक पुलिसिंग, जांच, खुफिया सेवा, अभियानों और फारेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों एवं अधिकारियों को प्रदान किया जाता है।
इस साल देश के बिहार समेत विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के कुल 490 कर्मियों को पुरस्कार मिला है।
पदक की घोषणा हर साल 31 अक्टूबर को देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर की जाती है।
आशीष भारती को मिला पुरस्कार
आशीष भारती को वर्ष 2022 में बतौर एसपी रोहतास जिले में फिरौती के लिए अपहरण से जुड़े मामले में बेहतर अनुसंधान के लिए पदक मिला है।
यह मामला सासाराम टाउन (दरिगांव) थाना कांड संख्या 183/22 से जुड़ा है। इसमें पीड़ित को 72 घंटों के भीतर बिना कोई फिरौती दिए सकुशल बरामद कर लिया गया था। आशीष भारती फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीआरपीएफ में डीआईजी के पद पर सेवा दे रहे हैं।
पाटलिपुत्र डबल मर्डर के सफल अनुसंधान के लिए स्वीटी सहरावत पुरस्कृत
एसपी स्वीटी सहरावत और एएसपी दिनेश पांडेय को अक्टूबर 2024 में पटना के पाटलिपुत्रा थाना अंतर्गत नेहरूनगर में वृद्ध दंपती हत्याकांड के सफल उद्भेदन के लिए पुरस्कार मिला है।
स्वीटी सहरावत उस समय पटना मध्य की सिटी एसपी थीं। इस मामले में न केवल आरोपितों को गिरफ्तार कर कांड का उद्भेदन किया गया बल्कि समय पर ट्रायल कर सजा भी दिलाई गई। स्वीटी अभी विशेष शाखा में पदस्थापित हैं।
बंगाल के सीएम के पीए हत्याकांड की जांच के लिए अमित को मिला सम्मान
सीबीआई पटना के भ्रष्टाचार निरोधक इकाई (एसीबी) में डीएसपी अमित कुमार को भी केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए चुना गया है।
अमित सीबीआई से जुड़े कई जटिल और संवेदनशील आपराधिक मामलों की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। वह पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच को लेकर बनी एसआईटी के भी सदस्य रहे। इससे पूर्व उन्हें सराहनीय सेवा पदक भी प्राप्त हो चुका है।
इनको मिला दक्षता पदक
एसपी स्वीटी सहरावत, एसपी आशीष भारती, एडिशनल एसपी दिनेश कुमार पांडेय, डीएसपी संतोष कुमार राय, इंस्पेक्टर राजकिशोर कुमार, इंस्पेक्टर धनंजय कुमार निर्दोष, दारोगा पंचम कुमार (सभी बिहार पुलिस)। एफएसएल के असिस्टेंट डायरेक्टर नीरज कुमार वार्ष्णेय। सीबीआई पटना के डीएसपी अमित कुमार।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।