Sonpur Mela 2026: बिहार में सबसे बड़े पशु मेले का आगाज, पर्यटकों के लिए शाही टेंट और टूर पैकेज की सुविधा
विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला रविवार से शुरू हो रहा है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। पर्यटकों के लिए शाही टेंट और पटना से विशेष टूर पैकेज की सुविधा उपलब्ध है।
-1795286000634_m.webp)
सोनपुर मेला पर लगी मूर्ति। फाइल फोटो
HighLights
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेला का उद्घाटन।
पर्यटकों के लिए शाही राजवाड़ी टेंट और सांस्कृतिक कार्यक्रम उपलब्ध।
पटना से विशेष दो दिवसीय और एक दिवसीय टूर पैकेज की सुविधा।
राज्य ब्यूरो, पटना। विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला रविवार से शुरू होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मेले का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता करेंगे। मेला एक महीने तक चलेगा।
पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि मेला क्षेत्र में सांस्कृतिक पंडाल और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज बनाया गया है। सांस्कृतिक पंडाल में पर्यटकों की सुविधा के लिए सूचना केंद्र भी खोला गया है।
यहां पर्यटक गाइड तैनात रहेंगे। मेले के दौरान हर दिन स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
पर्यटकों के ठहरने के लिए पर्यटन निगम की ओर से पर्यटन ग्राम में छह राजवाड़ी टेंट (स्वीस काटेज) बनाए गए हैं।
सभी काटेज में डबल बेड और अटैच बाथरूम की व्यवस्था है। इनका किराया भारतीय पर्यटकों के लिए तीन हजार रुपये और विदेशी पर्यटकों के लिए पांच हजार रुपये प्रतिदिन रखा गया है।
दो तरह के टूर पैकेज की सुविधा
पर्यटन विभाग ने पटना से सोनपुर आने-जाने के लिए दो विशेष टूर पैकेज तैयार किए हैं। दो दिन और एक रात के फैमिली पैकेज के लिए दो लोगों को 5200 रुपये देने होंगे। इसमें एसी इटियोस वाहन, गाइड, ठहरने, नाश्ते, दोपहर और रात के भोजन के साथ स्नैक्स व पानी की सुविधा मिलेगी।
पहले दिन हरिहरनाथ मंदिर में दर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया जा सकेगा। दूसरे दिन मेला घूमने के बाद दोपहर 3:30 बजे तक पटना वापसी होगी।
वहीं, एकदिवसीय पैकेज दोपहर 12 से शाम सात बजे तक का होगा। इसके लिए वाहन के अनुसार प्रति व्यक्ति 900 से 1400 रुपये तक खर्च करने होंगे। इसमें वाहन, गाइड, स्नैक्स और पानी शामिल हैं।
पर्यटक मेला भ्रमण, साइट सीन और हरिहरनाथ मंदिर में दर्शन कर सकेंगे। पैकेज की बुकिंग और अन्य जानकारी के लिए पर्यटन निगम की वेबसाइट www.bstdc.bihar.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- BRABU में संबद्धता के लिए आवेदन करने वाले 50 कॉलेजों की सोमवार से होगी जांच, एक दर्जन कमेटी गठित