पशु बाजार से आगे बढ़कर पर्यटन केंद्र बनेगा सोनपुर मेला, 'मिनी दरबारी' और 'राजवाड़ी' कॉटेज में मिलेगा शाही एहसास
विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला इस बार परंपरा और आधुनिक पर्यटन आकर्षणों के संगम के साथ नए कलेवर में दिखेगा।

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।
HighLights
लाइट एंड साउंड शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज मुख्य आकर्षण।
पर्यटकों के लिए किफायती टूर पैकेज और लग्जरी कॉटेज उपलब्ध।
पटना से सोनपुर मेले तक सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, पटना। लोक आस्था, धार्मिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला इस बार नए कलेवर में नजर आएगा।
परंपरा की खुशबू के साथ आधुनिक पर्यटन आकर्षणों का संगम मेले को और भव्य बनाएगा। 22 नवंबर से शुरू होने वाले मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस बार पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए लाइट एंड साउंड शो, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज जैसे विशेष आकर्षण होंगे।
मेले को केवल पशु व्यापार और धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए पर्यटन, कला और संस्कृति के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
पर्यटन विभाग की ओर से मेले को अधिक आकर्षक और पर्यटन केंद्रित स्वरूप देने के लिए कई स्तरों पर तैयारियां की गई हैं।
आयोजन से जुड़े कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं के संचालन के लिए इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी का चयन किया गया है। एजेंसी लाइट एंड साउंड शो, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, जर्मन हैंगर और अन्य आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेगी।
इन आयोजनों के जरिये पर्यटकों को मनोरंजन के साथ बिहार की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया जाएगा। कभी हाथी-घोड़ों की खरीद-बिक्री और ग्रामीण बाजार की रौनक के लिए दुनिया भर में चर्चित सोनपुर मेला अब पर्यटन के नए रंग में नजर आएगा।
यहां परंपरा की पहचान तो बरकरार रहेगी, लेकिन पर्यटकों के स्वागत का अंदाज बदलने की तैयारी है। मेले में घूमने के लिए किफायती वाहन से लेकर लग्जरी कॉटेज में शाही ठहराव तक की व्यवस्था की जा रही है।
बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने हरिहर क्षेत्र मेले के लिए अलग-अलग बजट के टूर पैकेज तैयार किए हैं। पटना से 900 रुपये में आने-जाने की सुविधा मिलेगी, जबकि 6000 रुपये में कपल पैकेज के तहत वाहन, भोजन, होटल और गाइड की सुविधा उपलब्ध होगी।
पर्यटक ग्राम में मिनी दरबारी और राजवाड़ी नाम से वातानुकूलित स्वीस काटेज भी बनाए जा रहे हैं। ऐसे में यह स्थान पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा।
बजट के हिसाब से चुनिए सफर का साधन
मेले तक पहुंचने के लिए अब निजी वाहन या पार्किंग की चिंता करने की जरूरत नहीं होगी। पर्यटन निगम ने पटना के तीन स्थानों से विशेष वाहनों की व्यवस्था की है।
वीरचंद पटेल पथ, दारोगा राय पथ स्थित सिख हेरिटेज गुरु नानक भवन और कौटिल्य विहार से प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम सात बजे तक सोनपुर के लिए वाहन उपलब्ध रहेंगे। पर्यटक अपनी सुविधा और बजट के अनुसार सफर का विकल्प चुन सकेंगे।
एसी बस, डबल डेकर बस और विंगर से आने-जाने का किराया प्रति व्यक्ति 900 रुपये निर्धारित है। एसी ट्रैवलर के लिए 950 रुपये, इनोवा के लिए 1100 रुपये और इटियोस के लिए 1300 रुपये देने होंगे। इस पहल से पटना और आसपास के लोगों के लिए मेले की सैर आसान होगी।
छह हजार में दो लोगों का पूरा टूर पैकेज
सोनपुर मेले में इस बार कपल टूरिज्म को भी ध्यान में रखा गया है। पर्यटन निगम ने छह हजार रुपये प्रति कपल का विशेष पैकेज तैयार किया है।
इसमें इटियोस एसी वाहन से भ्रमण, होटल में ठहरने और टूरिस्ट गाइड की सुविधा शामिल है। खाने-पीने के लिए ब्रेकफास्ट, लंच, स्नैक्स और डिनर भी पैकेज का हिस्सा है। यानी मेले में घूमने की योजना बनाने वाले दो लोगों को सफर, भोजन और ठहराव के लिए अलग-अलग इंतजाम नहीं करने होंगे।
कॉटेज में मिलेगा शाही एहसास
सोनपुर मेले में रात गुजारने वालों के लिए पर्यटक ग्राम नया आकर्षण बनेगा। यहां मिनी दरबारी और राजवाड़ी नाम से लग्जरी स्वीस काटेज तैयार किए जा रहे हैं।
वातानुकूलित कमरों के साथ बाथरूम, चौबीस घंटे बिजली-पानी, भोजन और सुरक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी। भारतीय पर्यटकों के लिए एक रात का किराया तीन हजार रुपये और विदेशी पर्यटकों के लिए पांच हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
इस व्यवस्था से मेले में आने वाले पर्यटकों को भीड़ भाड़ से अलग आरामदायक ठहराव का विकल्प मिलेगा। गंगा और गंडक के संगम पर लगने वाला सोनपुर मेला केवल खरीद-बिक्री का बाजार नहीं, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उत्सव है।
कार्तिक पूर्णिमा के स्नान से शुरू होने वाली मेले की रौनक पशु बाजार, ग्रामीण उत्पादों, खानपान और मनोरंजन के साथ पूरे एक महीने तक बनी रहती है। देश के विभिन्न हिस्सों से लोग यहां पहुंचते हैं।
ऐसे में परिवहन और ठहरने की बेहतर सुविधाएं मेले को व्यापक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकती हैं।
पर्यटक बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट से पैकेज और काटेज की बुकिंग करा सकते हैं। इसके लिए 8544418314 पर संपर्क कर किराया, उपलब्धता और सुविधाओं की जानकारी भी ली जा सकती है।
यह भी पढ़ें- कभी बैलों की घंटियों से गूंजने वाले बैलहट्टा में अब कुत्तों के बाजार की धूम, सोनपुर मेले का बदलता स्वरूप
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।