विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिमुलतला प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी: 1200 छात्र हुए सफल, 23 दिसंबर को पटना में होगी मेन एग्जाम

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:28 AM (IST)

सिमुलतला आवासीय विद्यालय कक्षा छह प्रवेश परीक्षा 2027-28 का प्रारंभिक परिणाम जारी हो गया है। 

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. सिमुलतला प्रारंभिक परीक्षा परिणाम जारी, 1200 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा हेतु चयनित।

  2. मुख्य परीक्षा 23 दिसंबर को पटना के दो केंद्रों पर आयोजित होगी।

  3. प्रवेश पत्र 7 दिसंबर से डाउनलोड करें, परीक्षा 300 अंकों की होगी।

जागरण संवाददाता, पटना। सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई में कक्षा छह (सत्र 2027-28) में नामांकन की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सिमुलतला आवासीय विद्यालय प्रारंभिक प्रवेश परीक्षा, 2027 का परिणाम जारी कर दी है।

प्रारंभिक परीक्षा में सफल 600 बालक और 600 बालिका अभ्यर्थियों का कोटिवार परीक्षाफल समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। चयनित कुल 1200 अभ्यर्थी अब 23 दिसंबर को आयोजित होने वाली मुख्य प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे।

सात दिसंबर से डाउनलोड कर सकेंगे प्रवेश पत्र

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अनुसार, मुख्य प्रवेश परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र सात दिसंबर को दोपहर बाद वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।

चयनित विद्यार्थी अथवा उनके अभिभावक अपने यूजर आईडी और पासवर्ड की मदद से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय पर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसमें दर्ज परीक्षा केंद्र और अन्य विवरणों की जांच कर लें।

पटना में बनाए गए हैं दो परीक्षा केंद्र

मुख्य प्रवेश परीक्षा का आयोजन पटना मुख्यालय स्थित दो केंद्रों पर किया जाएगा। बालक अभ्यर्थियों के लिए गवर्नमेंट ब्वॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजेंद्र नगर, पटना को केंद्र बनाया गया है। वहीं, बालिका अभ्यर्थियों की परीक्षा सर जीडीपीएसएस स्कूल, कदमकुआं, पटना में आयोजित होगी।

दो पालियों में होगी 300 अंकों की परीक्षा

मुख्य प्रवेश परीक्षा 23 दिसंबर को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में दो प्रश्नपत्र होंगे। प्रत्येक प्रश्नपत्र 150 अंकों का होगा। इस प्रकार पूरी परीक्षा कुल 300 अंकों की होगी।

  • प्रथम पाली (पेपर-1): सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक गणित की परीक्षा होगी। यह 100 अंकों की होगी। इसके साथ बौद्धिक क्षमता की परीक्षा 50 अंकों की होगी।
  • द्वितीय पाली (पेपर-2): दोपहर 1:30 बजे से शाम चार बजे तक परीक्षा होगी। इसमें हिन्दी और अंग्रेजी के 40-40 अंक तथा विज्ञान के 40 अंक और सामाजिक विज्ञान के 30 अंक निर्धारित हैं। द्वितीय प्रश्नपत्र भी कुल 150 अंकों का होगा।

परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य

समिति ने परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। दोनों पालियों में परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा कक्ष में पहुंचना अनिवार्य होगा।

प्रथम पाली के लिए सुबह 9:30 बजे तक और द्वितीय पाली के लिए दोपहर एक बजे तक ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। इसके बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

हिन्दी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होंगे प्रश्न

मुख्य प्रवेश परीक्षा के प्रश्नपत्र हिन्दी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होंगे। प्रत्येक प्रश्नपत्र के लिए 32 पृष्ठों वाली एक उत्तरपुस्तिका दी जाएगी। प्रश्नों का स्तर बिहार सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार कक्षा पांचवीं का होगा।

परीक्षा केंद्र में कैलकुलेटर, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने अथवा उनका इस्तेमाल करने पर प्रतिबंध रहेगा।

महत्वपूर्ण तिथियां एक नजर में

  • प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम : 29 नवंबर 2026
  • मुख्य परीक्षा का प्रवेश पत्र : 7 दिसंबर 2026
  • मुख्य प्रवेश परीक्षा : 23 दिसंबर 2026
  • सफल बालक अभ्यर्थी : 600
  • सफल बालिका अभ्यर्थी : 600
  • मुख्य परीक्षा के कुल अंक : 300

यह भी पढ़ें- बिहार की अदालत का अनोखा फैसला: ट्यूशन पढ़ाने की शर्त पर अपहरण के आरोपी को दी जमानत, रक्तदान भी करना होगा  

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।