50 लाख मिठाइयां और 4 लाख मेहमान... अनंत की बेटी की शाही शादी पर बवाल, शिवानंद बोले- यह अश्लील दिखावा
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को भव्य पैमाने पर हो रही है। वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने इस अत्यधिक खर्च को बिहार के गरीबों का मजाक और धन का अश्लील प्रदर्शन बताया है।

अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी पर शिवानंद तिवारी ने बिना नाम लिए निशाना साधा। फोटो- सोशल मीडिया
HighLights
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की भव्य शादी।
शिवानंद तिवारी ने अत्यधिक खर्च पर कड़ी आपत्ति जताई।
शादी में 4 लाख मेहमान, शाही तैयारियां और मनोरंजन।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह (Anant Singh Daughter Wedding) की 25 नवंबर को होने वाली शादी इन दिनों पूरे बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है।
इस विवाह समारोह की भव्यता और राजशाही तैयारियों के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
वरिष्ठ समाजवादी नेता शिवानंद तिवारी ने इस बेतहाशा खर्च पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे बिहार के गरीबों के जख्मों पर नमक छिड़कने वाला कृत्य करार दिया है।

'धन का प्रदर्शन अश्लील'
शिवानंद तिवारी ने फेसबुक पर बिना किसी का नाम लिए इस आयोजन पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने लिखा कि भले ही राजधानी में विकास की चमक और बड़ी सड़कें दिखती हों, लेकिन बिहार की जमीनी हकीकत आज भी बेहद भयावह है।
उन्होंने लिखा कि राज्य के करीब 40 से 45 फीसदी बच्चे कुपोषण का शिकार हैं। ऐसे गरीब प्रदेश में एक शादी के नाम पर अकूत संपत्ति का यह दिखावा बेहद भद्दा और अश्लील प्रतीत होता है। यह सीधे तौर पर गरीबों की बेबसी का मजाक उड़ाने जैसा है।
सीएम सम्राट चौधरी और मंत्रियों पर तंज
इस शाही शादी में शिरकत करने वाले राजनेताओं को भी तिवारी ने आड़े हाथों लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अन्य वीआईपी मेहमानों की संभावित मौजूदगी पर तंज कसते हुए कहा कि जब सत्ता शीर्ष पर बैठे लोग ऐसे आयोजनों का हिस्सा बनते हैं, तो वे अनजाने में ही समाज में धन के इस अश्लील दिखावे को सही ठहराने का काम करते हैं।
4 लाख मेहमान, 50 लाख मिठाइयां और राजस्थानी मंच
अनंत सिंह ने अपनी बेटी की शादी के लिए समर्थकों को खुला निमंत्रण दिया है। बताया गया कि करीब 10 बीघा जमीन पर राजा-महाराजाओं के महल की तर्ज पर भव्य पंडाल सजाया गया है। वहीं, राजस्थानी शैली में 100 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा विशाल मंच तैयार किया गया है।
समारोह में लगभग 4 लाख लोगों के आने का अनुमान है। मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के व्यंजन और करीब 50 लाख मिठाइयां तैयार की जा रही हैं।
बता दें कि इससे पहले 20 नवंबर को हुए तिलक समारोह में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह समेत कई दिग्गज हस्तियां शामिल हो चुकी हैं।
विजेता को 'थार' और रातभर सांस्कृतिक कार्यक्रम
शादी के दिन (25 नवंबर) मनोरंजन और खेल का भी विशेष प्रबंध है। दिन में एक विशाल घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, जिसके लिए कई राज्यों से घोड़े नदवां गांव पहुंच चुके हैं।
बारिश से खराब हुए ट्रैक को ठीक कराने के लिए अनंत सिंह खुद मैदान में उतरे। इस रेस में प्रथम आने वाले को 'महिंद्रा थार', दूसरे को 'स्पोर्ट्स बाइक' और तीसरे विजेता को 'स्कूटी' इनाम में दी जाएगी।
इसके अलावा सुबह 10 बजे से ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर शुरू हो जाएगा जो अगली सुबह तक चलेगा। इसमें प्रस्तुति देने के लिए बॉलीवुड और भोजपुरी सिनेमा के कई बड़े सितारे पहुंच रहे हैं।
यह भी पढ़ें- थार, बाइक 4 लाख मेहमान और 150 पकवान...अनंत सिंह की बेटी की शादी के बीच याद आ गईं देश की ये शाही वेडिंग्स
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की बेटी की शादी में घुड़दौड़ पर सस्पेंस, छोटे सरकार ने साफ कर दी तस्वीर; आज शिवांगी की हल्दी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।