विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देश बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं का नहीं, बैलेट से चुनाव ने कांग्रेस के दावों की खोली पोल: जायसवाल

Published: Thu, 29 Oct 2026 09:00 PM (IST)

भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने पटना में कहा कि भारत सभी धर्मों के नागरिकों का है, लेकिन बांग्लादेशी या रोहिंग्या घुसपैठियों का नहीं।

देश बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं का नहीं, बैलेट से चुनाव ने कांग्रेस के दावों की खोली पोल: जायसवाल

देश बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं का नहीं, बैलेट से चुनाव ने कांग्रेस के दावों की खोली पोल: जायसवाल

राज्य ब्यूरो, पटना। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि भारत हिंदू, मुसलमान, सिख, ईसाई, जैन एवं बौद्ध सभी का देश है, लेकिन बांग्लादेशियों व रोहिंग्याओं का नहीं।

उन्होंने कहा कि बांग्लादेशियों व रोहिंग्याओं के वोट से देश नहीं चलेगा। विपक्ष देश के प्रति संवेदनशील होने के बजाय घुसपैठियों के प्रति संवेदनशील हो गया है।

जायसवाल गुरुवार को वरिष्ठ भाजपा नेता व अरवल विधायक मनोज शर्मा के पटना में ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ कार्यक्रम को संयुक्त प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सरकार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद भी बांग्लादेशी व रोहिंग्या घुसपैठियों को बाहर निकालेगी। उन्होंने विपक्ष पर भ्रम फैलाने एवं संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने के लिए षडयंत्र का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि विधान परिषद चुनाव के परिणामों ने कांग्रेस के उन दावों की पोल खोल दी है, जिनमें वह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करती रही है। मतदाता सूची का शुद्धीकरण लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जरूरी है।

कांग्रेस व राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में हार के बाद विपक्ष चुनाव आयोग, न्यायपालिका व अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है।

उन्होंने कहा कि विधान परिषद चुनाव में वरीयता आधारित मतदान (प्रेफरेंशियल वोटिंग) के कारण बैलेट पेपर का इस्तेमाल होता है। इसके बावजूद 28 सीटों में कांग्रेस को केवल एक सीट मिली। कर्नाटक में जहां कांग्रेस की सरकार वहां भी पार्टी चारों सीटें हार गई।

जायसवाल ने कहा कि बिहार में एसआईआर के दौरान 47 लाख नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे। इनमें मृत, दूसरे स्थान पर जा चुके और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाता शामिल थे।

उन्होंने दावा किया कि एक साल में एक भी व्यक्ति सामने नहीं आया, जिसने यह कहा हो कि उसका नाम गलत तरीके से काटा गया है। इसके बावजूद विपक्ष 13 करोड़ नाम हटाए जाने का झूठा नैरेटिव फैला रहा है।

घुसपैठियों को बसाने का आरोप

पश्चिम बंगाल का मुद्दा उठाते हुए जायसवाल ने आरोप लगाया कि वर्ष 2011 के बाद तृणमूल कांग्रेस की सरकार के कार्यकाल में राज्य में बड़े पैमाने पर विदेशी घुसपैठियों को बसाया गया। फर्जी आधार तथा मतदाता पहचान पत्र बनाए गए। ऐसे लोगों के ज्यादातर पते दक्षिण 24 परगना जिले में पाए जा रहे हैं। ‎

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं अरवल विधायक मनोज शर्मा ने कहा कि एसआईआर सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष लगातार संवैधानिक संस्थाओं को सवालों के घेरे में लाने का प्रयास कर रहा है। संवैधानिक प्रक्रियाओं के विरुद्ध दूषित और भ्रामक प्रचार का वातावरण बनाना गैर-जिम्मेदाराना है।

उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने बहुदलीय लोकतांत्रिक व्यवस्था को स्वीकार किया है, जिसमें प्रत्येक नागरिक के मत का समान महत्व है। इस दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल एवं अशोक भट्ट उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- बिहार में MLC को कितनी मिलती है Salary? पेंशन-ट्रैवल कूपन और कार लोन का भी समझिए हिसाब-किताब

यह भी पढ़ें- पिता विधायक-मंत्री; अब दोनों बेटे MLC, बिहार की सियासत में साथ दिखेगी सगे भाइयों की जोड़ी