भागलपुर यूनिवर्सिटी में लगेगी तिलका मांझी की प्रतिमा, सावरकर जयंती पर CM सम्राट चौधरी का बड़ा एलान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीर सावरकर पर लिखी पुस्तक का विमोचन किया और उनकी 143वीं जयंती पर चर्चा की।

'वीर सावरकर की जीवनी' नामक पुस्तक का सीएम ने किया लोकार्पण। (जागरण)
HighLights
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीर सावरकर पुस्तक का विमोचन किया।
भागलपुर यूनिवर्सिटी में लगेगी तिलका मांझी की आदमकद प्रतिमा।
राष्ट्रपति करेंगे तिलका मांझी प्रतिमा का अनावरण, सीएम की घोषणा।
राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को वीर विनायक दामोदर सावरकर की जीवनी पर आधारित पुस्तक 'वीर सावरकर की जीवनी' का विमोचन किया।
इससे पहले बिहार विधान परिषद के उप भवन सभागार में सावरकर की 143वीं जयंती मनाई गई। इसके उपरांत समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं इन बातों से सहमत नहीं हूं कि वीर सावरकर गुमनाम हैं।
इसमें कहीं दो मत नहीं है कि अंग्रेजों और कुछ भारतीय इतिहासकारों ने हमारे अनेक स्वतंत्रता सेनानियों को गुमनाम रखने का भरपूर प्रयास किया। यदि कोई व्यक्ति एक दिन जेल जाता है तो जीवन भर उसे याद रहता है।
वीर सावरकर लगभग 27 वर्षों तक जेल में रह कर यातनाएं सही। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण का काम लगातार कर रहे हैं और देश को आगे बढ़ा रहे हैं।
उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उनके प्रेरणा से पूरा देश आगे बढ़ रहा है। वीर सावरक के आदर्श से भारत श्रेष्ठ बनेगा।
भाजपा का स्पष्ट मानना है कि पहले भारत को, फिर पार्टी को और तब व्यक्ति को बचाना है। जिस पार्टी के लिए नेशन फर्स्ट हो उसके लिए सावरकर जैसे वीर ही महापुरुष होंगे।
सावरकर पर शोध कराएगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में वीर सावरकर पर शोध को लेकर रुपरेखा तैयार की जाएगी, ताकि यहां के नौजवान उनसे प्रेरणा ले सकें। हमलोग नेशन फर्स्ट वाले हैं और इसी विचारधारा के माध्यम से बिहार समृद्ध बन सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2047 तक भारत को दुनिया का सबसे अधिक विकसित राष्ट्र बनाने की कोशिश में लगे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को समृद्ध राज्य बनाने का सपना देखा है उसे हमलोग आगे बढ़ा रहे हैं।
राज्य को शिक्षा का केंद्र बनाने के लिए बिहार के सभी 534 प्रखंडों में माडल स्कूल के रूप में सरस्वती विद्या निकेतन की स्थापना की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा आज लगभग 2000 वर्ष पहले नालंदा विश्वविद्यालय, विक्रमशिला विश्वविद्यालय विश्व प्रसिद्ध था। जहां दुनिया के अन्य देशों से विद्यार्थी पढ़ने आते थे। तक्षशिला विश्वविद्यालय भी यही था जो अब पाकिस्तान में है।
बिहार ज्ञान की भूमि है, बापू को स्थापित करने का काम इसी बिहार ने किया है। मोहनदास करमचंद गांधी को ''बापू बनाने वाला यही बिहार है।
मधुलिमये, जार्ज फर्नांडिस, शरद यादव जैसे अनेक समाजवादियों को संरक्षण देने का काम इसी बिहार ने किया है। हमलोग बिहार में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में ऐसे माडल स्कूल स्थापित करेंगे, जिनमें बड़े-बड़े कान्वेंट स्कूलों को छोड़कर बच्चे नामांकन कराएंगे।
बाहर रह रहे बिहार की समृद्धि में करे योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर सावरकर से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण किया जा सकता है। बिहार को समृद्ध बनाया जा सकता है। हमने आग्रह किया है कि बाहर रह रहे बिहार के लोग यहां आकर बिहार की समृद्धि में अपना योगदान दें।
इसके लिए हर प्रकार से संरचना खड़ी की जा रही है। बिहार के नौजवान जो रोजगार और नौकरी के लिए बाहर गए हैं, हमलोग उन्हें वापस बिहार में लाकर उनके लिए रोजगार और नौकरी उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
हमलोगों ने विभागों को तीन भाग में एस्टेब्लिशमेंट, जनकल्याण और राजस्व के रूप में व्यवस्था बनाकर काम करने का निर्देश दिया है।
बिहार का बजट 3,47,000 करोड़ रुपये है, जिसमें हमारा संसाधन 60,000 करोड़ है। बिहार चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज से जुड़े लोगों के साथ हमारी बैठक हुई, जिसमें हमने कहा कि आपका भरोसा सबसे ज्यादा आवश्यक है।
हमारा लक्ष्य है कि बिहार में अधिक से अधिक निवेश हो ताकि उद्योग स्थापित हो सके, इसके लिए यदि आवश्यक होगा तो पॉलिसी में भी बदलाव किया जाएगा।
राष्ट्रपति करेंगे मांझी की प्रतिमा का अनावरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर सावरकर राष्ट्रवाद के प्रतीक हैं, उनके आदर्शों को बिहार की जमीन पर उतारने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तिलका मांझी भागलपुर यूनिवर्सिटी परिसर में स्थापित बलिदानी तिलका मांझी की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति से आग्रह करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने की। कार्यक्रम में सांसद डा. भीम सिंह एवं शिवेश कुमार के अतिरिक्त कई विधायक एवं विधान पार्षद उपस्थित थे।
'वीर सावरकर की जीवनी' पुस्तक के लेखक अजय कुमार सिन्हा एवं संजय कुमार सिन्हा ने स्वागत संबोधन तथा धन्यवाद ज्ञापन किया।
यह भी पढ़ें- सम्राट चौधरी पर अभद्र टिप्पणी करने वाला भोजपुरी गायक गिरफ्तार, साइबर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
यह भी पढ़ें- फोरलेन सड़कों से जुड़ेंगे बिहार के सभी जिला मुख्यालय, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिए निर्देश
