विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार की मां-बहन, बेटियों...: रोहिणी आचार्य ने CM नीतीश से की अपील, नहीं द‍िखीं तेजस्‍वी यादव की तरह हमलावर

Published: Sun, 18 Jan 2026 03:25 PM (IST)

नीट छात्रा की संदिग्ध मौत पर रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से व्यक्तिगत निगरानी की अपील की है। उन्होंने पटना के प्रभात मेमोरियल अस्पताल और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही, साक्ष्य छिपाने और परिजनों को गुमराह करने का आरोप लगाया। आचार्य ने अस्पताल के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई और जांच पूरी होने तक उसे सील करने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को निष्पक्ष न्याय मिल सके।

रोहिणी आचार्य एवं तेजस्‍वी यादव।

रोहिणी आचार्य एवं तेजस्‍वी यादव।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, पटना। Rohini Acharya: राजधानी पटना के शंभु गर्ल्स हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब सियासी तूल पकड़ता जा रहा है।

इस घटना को लेकर विपक्ष पहले से ही राज्य सरकार पर हमलावर है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बाद अब उनकी छोटी बहन और राजद की राष्ट्रीय प्रवक्ता रोहिणी आचार्य ने भी इस संवेदनशील मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है

हालांकि रोहिणी आचार्य ने सीधे तौर पर सरकार पर हमला नहीं किया है, लेकिन उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए व्यक्तिगत रूप से मॉनिटरिंग करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- नीतीश जी, अपनी यात्रा स्‍थग‍ित करिए और..; गुस्‍से में लालू प्रसाद की पुत्री रोहिणी आचार्य, सरकार पर हमला

अस्‍पताल और डॉक्‍टर पर कार्रवाई की मांग 

उन्होंने अस्पताल और इलाज से जुड़े डॉक्टरों की भूमिका को संदिग्ध बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। रोहिणी आचार्य ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक लंबा पोस्ट लिखते हुए आरोप लगाया कि शंभु गर्ल्स हॉस्टल में कथित रूप से बलात्कार की शिकार हुई युवती के इलाज के दौरान पटना के प्रभात मेमोरियल हॉस्पिटल और वहां के डॉक्टरों ने गंभीर लापरवाही बरती।

उन्होंने कहा कि युवती के शरीर पर मौजूद दर्जनों जख्मों के निशानों को जान-बूझकर अनदेखा किया गया और उन्हें छुपाने-दबाने की कोशिश की गई।

पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दिए बिना युवती को भर्ती कर इलाज शुरू किया।

इतना ही नहीं, परिजनों को भी वास्तविक स्थिति से अवगत नहीं कराया गया। रोहिणी आचार्य ने साक्ष्यों के साथ आपराधिक छेड़छाड़ करने और युवती के साथ हुए कथित बलात्कार की बात को नकारने को प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध बताया है।

जांच पूरी होने तक सील हो अस्‍पताल

उन्होंने कहा कि मृतक युवती के परिजनों ने भी अस्पताल की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं और अस्पताल प्रबंधन व इलाज करने वाले डॉक्टर पर सीधे आरोप लगाए हैं।

परिजनों के आरोपों और सामने आए तथ्यों के आधार पर रोहिणी आचार्य ने मांग की है कि संबंधित अस्पताल और डॉक्टर के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए और जांच पूरी होने तक अस्पताल को सील किया जाए।

मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपील की है कि वे स्वयं इस पूरे प्रकरण की निगरानी करें और अपने अधीनस्थ अधिकारियों को जांच प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरतने के निर्देश दें, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द और निष्पक्ष न्याय मिल सके।

इस बीच, छात्रा की मौत को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होती जा रही है और अब सबकी नजर सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी है।  

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।