नीतीश जी, अपनी यात्रा स्थगित करिए और..; गुस्से में लालू प्रसाद की पुत्री रोहिणी आचार्य, सरकार पर हमला
NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत पर लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था चरमराने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से अपनी 'समृद्धि यात्रा' तुरंत स्थगित करने की मांग की। रोहिणी ने कहा कि पटना में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और लगातार हो रही घटनाओं से बिहार शर्मसार हो रहा है। उन्होंने सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाया।

रोहिणी आचार्य व सीएम नीतीश कुमार।
HighLights
रोहिणी आचार्य ने नीतीश सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर हमला बोला।
पटना में NEET छात्रा की संदिग्ध मौत पर गहरा रोष व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से समृद्धि यात्रा स्थगित करने की मांग की।
डिजिटल डेस्क, पटना। NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद की पुत्री रोहिणी आचार्य ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।
एक दिन पहले मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग करने के बाद सोमवार को रोहिणी के तेवर और तल्ख नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लगातार दो पोस्ट कर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनकी समृद्धि यात्रा तत्काल स्थगित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शंभु गर्ल्स हॉस्टल की घटना के बाद अब पटना के एक और हॉस्टल में छात्रा की मौत ने बिहार को “जार-जार” कर दिया है।
उनका आरोप है कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और राजधानी पटना तक बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। अपने पोस्ट में रोहिणी ने बेहद तीखे शब्दों में लिखा कि मुख्यमंत्री आंखें खोलकर देखें कि उनके शासन में लगभग रोज बेटियां अपराधियों का शिकार बन रही हैं।
उन्होंने राजधानी में लगातार हो रही हत्याओं और यौन अपराधों को लेकर सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाया। रोहिणी ने कहा कि कुछ ही दिन पहले शंभु गर्ल्स हॉस्टल की घटना से बिहार की अस्मिता दागदार हुई थी और अब एक और हॉस्टल की घटना ने एक बार फिर राज्य को शर्मसार कर दिया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से सीधा सवाल किया कि क्या अब “माता जानकी का मायका” कहे जाने वाले बिहार में मां-बहन-बेटियों के लिए रहने की जगह भी सुरक्षित नहीं रही।
रोहिणी ने आरोप लगाया कि जिस शासन व्यवस्था में अपराधियों को कानून, पुलिस और प्रशासन का कोई भय न हो और बेटियां लगातार दरिंदगी का शिकार हों, ऐसी व्यवस्था और शासक केवल धिक्कार के पात्र हैं।
इस बयान के बाद सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष जहां इसे कानून-व्यवस्था की विफलता बता रहा है, वहीं सत्ता पक्ष पर दबाव बढ़ गया है। आने वाले दिनों में यह मामला बिहार की राजनीति में बड़ा मुद्दा बनता नजर आ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।