विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हर शादी में नया लुक: खरीदें नहीं, पटना में किराये पर लें फिश-कट लहंगे और रजवाड़ी गहने; कम बजट में रॉयल अंदाज

Published: Sun, 22 Nov 2026 09:32 AM (GMT+05:30)

लग्न के मौसम में हर समारोह के लिए नया लुक पाने के लिए पटना में किराये पर कपड़े और आभूषण उपलब्ध हैं। 

पारंपरिक मरून रंग पेस्टल लैवेंडर रंग के कढ़ाईदार लहंगे और फूलों की बारीक आकृतियों वाला एंटीक गोल्ड फिनिश चोकर। (जागरण)

पारंपरिक मरून रंग पेस्टल लैवेंडर रंग के कढ़ाईदार लहंगे और फूलों की बारीक आकृतियों वाला एंटीक गोल्ड फिनिश चोकर। (जागरण)

HighLights

  1. शादी के मौसम में किराये पर कपड़े और गहने उपलब्ध।

  2. कम बजट में हर समारोह के लिए नया लुक पाएं।

  3. पटना में डिजाइनर लहंगे, शेरवानी और आभूषण किराये पर।

जागरण संवाददाता, पटना। लग्न का मौसम शुरू होते ही निमंत्रणों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। कभी दोस्त की शादी, तो कभी रिश्तेदार के यहां समारोह।

हल्दी, मेहंदी, सगाई और शादी जैसे आयोजनों में शामिल होने की तैयारी के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि हर बार पहनें क्या? एक ही परिधान को बार-बार पहनने से बचना है और हर समारोह में नया लुक भी चाहिए।

ऐसे में हर बार हजारों रुपये खर्च कर कपड़े और आभूषण खरीदना आसान नहीं। बाजार में इस जरूरत को देखते हुए किराये पर परिधान और गहने लेने का विकल्प मौजूद है। यहां कम बजट में अलग-अलग आयोजनों के लिए नए अंदाज के कपड़े और आभूषण मिल रहे हैं।

ईस्ट बोरिंग कैनाल रोड, कवि रमण पथ स्थित लहंगा दुकान पर शादी में शामिल होने वाले मेहमानों से लेकर परिवार के सदस्यों तक के लिए विकल्प हैं।

युवतियों के लिए गाउन, लहंगे और सहेलियों के लिए खास लहंगे उपलब्ध हैं, तो युवकों के लिए ब्लेजर और बंदगला रखे गए हैं।

दोस्त की शादी से लेकर मेहंदी तक के लिए अलग पहनावा

ईस्ट बोरिंग कैनाल रोड, कवि रमण पथ स्थित लहंगा दुकान पर शादी में शामिल होने वाले मेहमानों से लेकर परिवार के सदस्यों तक के लिए विकल्प हैं।

दुकान की मालकिन चंदा मनोज गुप्ता कहती हैं कि लहंगों में भी अब सिर्फ पारंपरिक डिजाइन तक सीमित पसंद नहीं रह गई है। पारंपरिक लाल, मरून व रानी और रिसेप्शन के लिए सिल्वर, गोल्डन व शैंपेन शेड्स पसंद किए जा रहे हैं।

डिजाइन की बात करें तो रेडी-टू-वियर लहंगों के साथ ए-लाइन, फ्लेयर्ड, फिश कट और मरमेड स्टाइल के विकल्प हैं। ए-लाइन लहंगा कमर से नीचे की ओर घेरदार होता है, जबकि फिश कट और मरमेड स्टाइल शरीर के आकार के अनुसार फिट होकर नीचे से फैलते हैं।

ज्यादा घेर पसंद करने वालों के लिए फ्लेयर्ड लहंगे हैं। इसके अलावा बार्बी गाउन स्टाइल और बौल गाउन लहंगे भी युवतियों को आकर्षित कर रहे हैं। सामान्य परिधान का किराया एक हजार से 3500 रुपये तक है।

डिजाइनर कपड़ों का किराया तीन हजार से छह-सात हजार रुपये तक है। दुल्हन के लहंगे चार हजार से दस हजार रुपये तक में किराये पर मिल रहे हैं। वहीं, दूल्हे की शेरवानी का पूरा सेट तीन हजार से नौ हजार रुपये तक में उपलब्ध है।

हर परिधान के साथ बदलें आभूषणों का अंदाज

कपड़ों के साथ आभूषण भी पूरे लुक को अलग बनाते हैं। ऐसे में हर समारोह के लिए नए गहने खरीदने के बजाय किराये पर लेने का विकल्प भी है। बोरींग रोड चौराहा स्थित शैंकी जैन के यहां कुंदन, पोलकी, जड़ाऊ, राजवाड़ी, एडी और मंदिर शैली के आभूषण उपलब्ध हैं।

इसके अलावा आक्सीडाइज्ड और काले धातु वाले आभूषणों के साथ सफेद नगों वाले सेट भी रखे गए हैं। दुल्हन के आभूषणों की कीमत 4500 रुपये से शुरू होकर 45 से 46 हजार रुपये तक है। सामान्य ब्राइडल सेट पांच हजार रुपये से और आकर्षक नगों वाले सेट 4500 रुपये से उपलब्ध हैं।

यहां आभूषण खरीदने के साथ किराये पर लेने का भी विकल्प है। किराया सेट की कीमत का करीब 17 से 18 प्रतिशत है और इसे तीन दिन के लिए लिया जा सकता है।

इन दिनों मोइसानाइट कुंदन, मैट फिनिश राजवाड़ी और जड़ाऊ आभूषणों की मांग है। पंजाबी चूड़े 500 से छह हजार रुपये और कलिरे 295 से तीन हजार रुपये तक में उपलब्ध हैं। सोने की परत चढ़े आभूषणों पर जीवनभर 40 प्रतिशत तक बदलने की सुविधा भी दी जा रही है।

चूड़ी बाजार में भी कई विकल्प

कम बजट में समारोह के लिए आभूषण तलाश रहे लोगों के लिए चूड़ी बाजार में भी कई विकल्प हैं। यहां छोटे आयोजनों और पारिवारिक समारोहों के लिए नगों वाले हल्के हार व गले के सेट 350 से 700 रुपये तक में उपलब्ध हैं।

वहीं, स्वागत समारोह और दूसरे खास मौकों के लिए चमकदार चोकर और कई परतों वाले हार के सेट 600 से 1500 रुपये तक में मिल रहे हैं।

चांदी और गुलाबी सोने जैसी चमक वाले इन आभूषणों को अलग-अलग परिधानों के साथ पहनने के लिए पसंद किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- तांबा-जस्ता के भंडार से चमकेगी बांका की किस्मत, दिसंबर से शुरू होगी खनिज ब्लॉक की ई-नीलामी 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।