तांबा-जस्ता के भंडार से चमकेगी बांका की किस्मत, दिसंबर से शुरू होगी खनिज ब्लॉक की ई-नीलामी
बांका जिले में तांबा, शीशा और जस्ता सहित अन्य खनिजों के ब्लॉक की ई-नीलामी को राज्य कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है।

एआई के माध्यम से जेनरेट की गई प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
राज्य कैबिनेट ने बांका खनिज ब्लॉक की ई-नीलामी को मंजूरी दी।
तांबा, शीशा, जस्ता खनिजों से औद्योगिक विकास की उम्मीद जगी।
दिसंबर से शुरू होगी नीलामी प्रक्रिया, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
संवाद सूत्र, जयपुर (बांका)। बांका की धरती में छिपी खनिज संपदा अब जिले के औद्योगिक विकास की नई इबारत लिख सकती है।
राज्य सरकार की कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद चांदन प्रखंड के पिड़रा मौजा में तांबा, शीशा और जस्ता सहित अन्य खनिजों के ब्लाक की ई-नीलामी का रास्ता साफ हो गया है।
दिसंबर से नीलामी प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। डॉ. चिरंजीव ने कहा कि इससे लंबे समय से विकास की बाट जोह रहे इस इलाके में उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद जगी है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पड़ोसी जिला मुंगेर के तारापुर से जुड़ाव होने के कारण भी क्षेत्र के लोग इस फैसले को बांका के लिए महत्वपूर्ण मान रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इसे जिले के विकास को नई गति देने वाली पहल के रूप में देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार चांदन अंचल के पिड़रा क्षेत्र में करीब 250 एकड़ भूमि में तांबा, जस्ता, शीशा सहित कई मूल्यवान खनिज पदार्थ मौजूद हैं।
भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआइ) की टीम ने वर्ष 2024 में कटोरिया अंचल के चंदे पट्टी और चांदन के पिड़रा पहाड़ी की तलहटी में सर्वेक्षण कर खनिजों के नमूने एकत्र किए थे। भूगर्भीय सर्वेक्षण के आधार पर चिह्नित जमीन का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया था।
पहले चरण में 76 एकड़ पर होगा काम
चिह्नित करीब 250 एकड़ जमीन में पहले चरण में 76 एकड़ भूमि पर खनन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। यहां खनिजों की पर्याप्त उपलब्धता और खनन की संभावनाओं के आधार पर आगे शेष क्षेत्र में भी कार्य का विस्तार हो सकता है।
इसके लिए रैयती, सरकारी और वन विभाग की जमीन का खेसरा पंजी तैयार किया जा रहा है। इसके बाद नियमानुसार भू-अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी।
खनिज संपदा के दोहन से क्षेत्र में खनन आधारित उद्योग, स्थानीय रोजगार और सड़क-बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- बिहार के किसानों के लिए खुशखबरी: भोजपुर में पहली बार उगेगा 1.5 KG का अनार, 30 नवंबर से मिलेंगे पौधे
फिलहाल 76 एकड़ जमीन पर खनन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इसमें करीब 50 घरों के विस्थापित होने की संभावना है। रैयती, सरकारी और वन विभाग की जमीन का खेसरा पंजी तैयार किया जा रहा है। इसके आधार पर अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होगी। सर्वेक्षण के आधार पर पहले करीब 250 एकड़ जमीन चिह्नित कर विभाग को भेजी गई थी।
प्रशांत शांडिल्य, अंचल अधिकारी, चांदन