सारण MLC चुनाव: खत्म हुई बगावत, रालोमो के बागी रामपुकार सिन्हा ने NDA प्रत्याशी को दिया समर्थन
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के बागी उम्मीदवार रामपुकार सिन्हा ने बिहार विधान परिषद चुनाव में सारण शिक्षक सीट से अपना दावा ...और पढ़ें

उपेंद्र कुशवाहा के साथ रामपुकार सिन्हा।
HighLights
रामपुकार सिन्हा ने सारण शिक्षक सीट से दावा छोड़ा।
एनडीए प्रत्याशी आनंद पुष्कर को समर्थन की घोषणा की।
पार्टी से निलंबित होने के बावजूद एनडीए का साथ।
राज्य ब्यूरो, पटना। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के बागी उम्मीदवार रामपुकार सिन्हा (Rampukar Sinha) ने बिहार विधान परिषद चुनाव (Bihar MLC Election) में सारण शिक्षक सीट से अपना दावा वापस लेने की घोषणा की है।
उन्होंने इस चुनाव में एनडीए प्रत्याशी आनंद पुष्कर (NDA Anand Pushkar) को समर्थन देने की भी घोषणा करते हुए कहा है कि वे एनडीए प्रत्याशी के लिए वोट मांगेंगे। हालांकि, नाम वापसी की तिथि समाप्त होने के कारण मतपत्र पर उनका नाम दर्ज रहेगा।
शुक्रवार को उन्होंने पटना में पार्टी के तीन विधायाकों-आलोक सिंह (प्रदेश अध्यक्ष), माधव आनंद और रामेश्वर महतो की मौजूदगी में पत्रकारों को यह जानकारी दी।
इन विधायकों ने ही उन्हें चुनाव मैदान में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतारा था। तब उपेन्द्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) के निर्देश पर रामपुकार सिन्हा को पार्टी से छह वर्ष के लिए निलंबित कर दिया गया था।
रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ने पत्रकारों से कहा कि एनडीए के शीर्ष नेतृत्व का फैसला स्वीकार है और हमलोग एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करेंगे।
उन्होंने कहा कि रामपुकार सिन्हा शिक्षक की नौकरी छोड़कर चुनाव की तैयारी कर रहे थे, इसलिए रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते हमने उनका समर्थन किया था। हालांकि, हम एनडीए के सिपाही हैं।
एक प्रश्न के उत्तर में विधायक माधव आनंद ने कहा कि पार्टी में किसी तरह की कोई टूट नहीं है। पार्टी के सभी विधायक और नेता एनडीए के साथ थे, हैं और रहेंगे।
यह भी पढ़ें- Bihar MLC Election: निशांत कुमार के प्रचार पर अनंत सिंह ने उठाए सवाल, नीरज कुमार का पलटवार- परमिशन की जरूरत नहीं
यह भी पढ़ें- 'पुदीना' बनाम 'गैस': बिहार MLC चुनाव में फिर गरमाई अनंत और नीरज की जुबानी जंग, AK-47 की भी हो गई एंट्री
