राजगीर जू और नेचर सफारी की देशभर में पहचान, इको टूरिज्म के नवाचार पर मिलेगा प्रतिष्ठित स्काच अवार्ड
बिहार के राजगीर जू एवं नेचर सफारी को इको टूरिज्म में नवाचार के लिए प्रतिष्ठित स्काच अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान प्रकृति और वन्यजीवों से पर्यटकों को जोड़ने तथा आधुनिक सुविधाओं के विकास में उनकी पहचान को दर्शाता है।

191 हेक्टेयर में फैली जू सफारी, शेर-बाघ से लेकर तेंदुए तक का दीदार
HighLights
राजगीर जू सफारी को प्रतिष्ठित स्काच अवार्ड मिलेगा।
इको टूरिज्म में नवाचार और आधुनिक सुविधाओं का सम्मान।
पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के राजगीर जू एवं नेचर सफारी ने इको टूरिज्म के क्षेत्र में अपनी खास पहचान बनाई है। पर्यटकों को प्रकृति और वन्यजीवों से जोड़ने के साथ आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की पहल को अब राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है।
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की इस परियोजना को प्रतिष्ठित स्काच अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। 19 दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
191 हेक्टेयर में फैली जू सफारी, शेर-बाघ से लेकर तेंदुए तक का दीदार
पहाड़ियों के बीच लगभग 191.12 हेक्टेयर में फैली राजगीर जू सफारी बिहार की पहली जू सफारी है। इसका उद्घाटन 16 फरवरी 2022 को हुआ था। यहां शेर, बाघ, भालू, तेंदुआ और शाकाहारी वन्यजीवों के लिए अलग-अलग सफारी जोन विकसित किए गए हैं।
इसके अलावा एक्सोटिक एवियरी, वन्यजीव व्याख्या केंद्र, 180 डिग्री थिएटर और ओपन थिएटर जैसी सुविधाएं भी पर्यटकों को आकर्षित करती हैं।
550 हेक्टेयर में फैली नेचर सफारी, रोमांच के साथ प्रकृति का अनुभव
लगभग 550 हेक्टेयर में विस्तारित राजगीर नेचर सफारी पर्यटकों को प्रकृति के बीच रोमांचक अनुभव प्रदान करती है। यहां ग्लास स्काईवाक ब्रिज, सस्पेंशन ब्रिज, जिपलाइन और स्काई बाइकिंग जैसी आकर्षक गतिविधियां उपलब्ध हैं।
इसके साथ ही बटरफ्लाई पार्क, औषधीय उद्यान और कैक्टस गार्डन भी विकसित किए गए हैं। इन सुविधाओं ने इसे परिवारों और रोमांच पसंद करने वाले पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बनाया है।
बिहार के इको टूरिज्म स्थलों पर पर्यटकों की संख्या 74.90 लाख पहुंची
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, बिहार के इको टूरिज्म स्थलों पर पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। वर्ष 2022-23 में इन स्थलों पर 55.20 लाख पर्यटक पहुंचे थे। यह संख्या 2024-25 में बढ़कर 74.90 लाख हो गई। इससे राज्य में प्रकृति आधारित पर्यटन के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि का पता चलता है।
राजगीर नेचर सफारी में दो साल में पर्यटकों की संख्या हुई लगभग दोगुनी
राजगीर नेचर सफारी भी पर्यटकों की पसंदीदा जगहों में शामिल हो रही है। यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या लगभग 1.59 लाख से बढ़कर तीन लाख तक पहुंच गई है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या के साथ सुविधाओं के विस्तार और प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
टिकटिंग से लेकर सफारी वाहनों की निगरानी तक डिजिटल व्यवस्था
जू एवं नेचर सफारी में पर्यटकों की सुविधा और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। यहां क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग, स्लॉट प्रबंधन और सफारी वाहनों की रियल टाइम जीपीएस ट्रैकिंग की व्यवस्था है। इसके अलावा केंद्रीय नियंत्रण कक्ष और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाती है।
डिजिटल स्टोरीटेलिंग से वन्यजीव संरक्षण का भी दिया जा रहा संदेश
पर्यटकों को केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए डिजिटल स्टोरीटेलिंग और इंटरैक्टिव माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है।
आधुनिक तकनीक, रोमांचक गतिविधियों और प्रकृति संरक्षण के इस समन्वय ने राजगीर जू एवं नेचर सफारी को अलग पहचान दिलाई है। इसी नवाचार की पहल को अब प्रतिष्ठित स्काच अवार्ड के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- पटना एयरपोर्ट का देशभर में जलवा, यात्री सुविधाओं में संयुक्त दूसरा स्थान; दुनिया में 67वीं रैंक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।