विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में शराब तस्करों का पुलिस पर हमला, ताबड़तोड़ फायरिंग में 6 गाड़ियों को नुकसान; 35 गिरफ्तार

Published: Mon, 05 Oct 2026 07:52 AM (IST)

पुनपुन के बेहरावां चकिया गांव में शराब तस्करों ने छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर फायरिंग की और छह गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम। फोटो जागरण

कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम। फोटो जागरण

HighLights

  1. शराब तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, गाड़ियां तोड़ीं।

  2. पुलिस ने 30-35 तस्करों को गिरफ्तार किया, अवैध शराब नष्ट की।

  3. बेहरावां चकिया गांव पुलिस छावनी में बदला, तलाशी जारी।

संवाद सूत्र, पुनपुन। पटना जिले के बेहरावां चकिया गांव में शराब तस्करों के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची पिपरा पुलिस पर रविवार को लगातार दूसरे दिन हमला किया गया।

इस दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और पुलिस की छह गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि, फायरिंग में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान रवि मांझी के घर से एक देशी कट्टा और तीन कारतूस बरामद किए हैं। मामले में 30 से 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कुछ आरोपित पुनपुन नदी में कूदकर फरार हो गए।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान चला रही पुलिस 

मसौढ़ी डीएसपी-1 राघव दयाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व बेहरावां चकिया में पुलिस टीम पर हुए हमले के बाद शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।

डीएसपी के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस गांव और पुनपुन नदी के आसपास पहुंची थी। पुलिस को देखते ही अवैध शराब निर्माण और तस्करी में शामिल लोग भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर करीब 35 लोगों को पकड़ लिया।

बताया जाता है कि कार्रवाई के दौरान तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद उपद्रवियों ने पुलिस की आधा दर्जन गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने इलाके में सघन छापेमारी कर अवैध देसी शराब को नष्ट किया।

घटना के बाद बेहरावां चकिया और आसपास का क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। दो दिन पूर्व पुलिस टीम पर हुए हमले को लेकर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर भी आरोपितों की गिरफ्तारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें- इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, बिहार से अपने 4 बच्चों संग युवक के घर मेरठ पहुंची महिला