'मैं कल से उन्हें ऋषि-मुनि नहीं बताने लगूंगा', बिहार सीएम से मुलाकात के बाद प्रशांत किशोर ने तोड़ी चुप्पी
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अपनी हालिया मुलाकात को महज एक सामान्य सामाजिक और राजनीतिक शिष्टाचार बताया है।
HighLights
प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात को सामान्य शिष्टाचार बताया।
भेंट से सम्राट चौधरी के प्रति मेरे विचार नहीं बदलेंगे।
बिहार की व्यवस्था में सुधार लाना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) की हालिया मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद राज्य के सियासी गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।
इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए प्रशांत किशोर ने इसे महज एक सामान्य सामाजिक और राजनीतिक शिष्टाचार करार दिया है।
श्राद्ध कार्यक्रम में हुई थी संयोगवश भेंट
शुक्रवार को पटना में पत्रकारों से बात करते हुए बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने बताया कि गुरुवार को वह एक श्राद्ध कर्म में शामिल होने गए थे, जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी पहुंचे थे।
आमना-सामना होने पर उन्होंने सामान्य शिष्टाचार के तहत मुख्यमंत्री से बातचीत की। पीके ने तंज कसते हुए साफ किया कि इस भेंट के मायने यह कतई नहीं निकाले जाने चाहिए कि उनके विचार बदल गए हैं या वह अब सम्राट चौधरी का गुणगान करने लगेंगे।
नीतीश और लालू से भी व्यक्तिगत बैर नहीं
प्रशांत किशोर ने अपनी राजनीतिक शैली पर बात करते हुए कहा कि उनका किसी भी नेता, जाति या पार्टी से कोई निजी झगड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक और वैचारिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन वह व्यक्तिगत दुश्मनी की राजनीति में विश्वास नहीं रखते।
उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वह नीतीश कुमार के साथ काम भी कर चुके हैं और उनका विरोध भी किया है, लेकिन उनसे या लालू यादव और सम्राट चौधरी से उनकी कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं है। उनका मुख्य लक्ष्य सिर्फ बिहार की व्यवस्था में सुधार लाना है।
'मुलाकात से बदल नहीं जाएंगे पुराने आरोप'
मुख्यमंत्री के साथ हुई इस मुलाकात पर उठ रहे सवालों का तीखा जवाब देते हुए पीके ने कहा कि किसी के मिल लेने से हकीकत नहीं बदल जाती। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि मेरे मिलने से सम्राट चौधरी 7वीं पास या फेल से पीएचडी धारक नहीं बन जाएंगे।
उन पर जो आपराधिक आरोप हैं और जो बातें मैं पहले कहता रहा हूं, वे इस मुलाकात के बाद खत्म नहीं हो जाएंगी। लोग यह गलतफहमी न पालें कि मैं कल से उन्हें ऋषि-मुनि बताने लगूंगा।
पीके ने अंत में कहा कि बिहार की संस्कृति सिखाती है कि सार्वजनिक जीवन में मिलने पर आपसी शिष्टाचार बनाए रखना चाहिए और उन्होंने भी यही निभाया है।
यह भी पढ़ें- CM सम्राट से गर्मजोशी से मिले प्रशांत किशोर, रोहिणी संग पी चाय; बिहार की सियासत में दिखी अनोखी तस्वीर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।