विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'नीतीश घोषणा करें तो जन सुराज का कैंड‍िडेट वापस...', प्रशांत क‍िशोर ने JDU प्रत्‍याशी नीरज कुमार को दी चुनौती

Published: Tue, 06 Oct 2026 04:19 PM (IST)

प्रशांत किशोर ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार को चुनौती दी है, दावा किया कि उनकी ...और पढ़ें

HighLights

  1. प्रशांत किशोर ने जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार की हार का दावा किया।

  2. नीतीश कुमार के समर्थन पर जन सुराज प्रत्याशी वापस लेने की चुनौती।

  3. शिक्षकों को सम्मान और सातवें वेतनमान का वादा किया जन सुराज ने।

राज्य ब्यूरो, पटना। बांकीपुर विधायक और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार को लेकर बड़ा दावा किया है।

प्रशांत किशोर ने यहां तक कहा कि वे नीतीश कुमार के नाम पर वोट मांग रहे हैं। चुनौती दी क‍ि पूर्व सीएम कैमरे के सामने आकर नीरज कुमार के समर्थन में वोट की अपील कर दें तो जन सुराज अपना प्रत्याशी वापस ले लेगा।

पटना शिक्षक एमएलसी चुनाव में जन सुराज प्रत्याशी डॉ. दिव्या ज्योति की नामांकन सभा में पहुंचे प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्होंने कहा कि नीरज कुमार का कोई समर्थन नहीं कर रहा है और उनकी हार तय है।

'भगदड़ जन सुराज में नहीं, सत्तारूढ़ दल में है'

एमएलसी चुनाव के मौजूदा राजनीतिक माहौल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि भगदड़ जन सुराज में नहीं है। भगदड़ सत्तारूढ़ पार्टी में है और वहां लोग यह सोच रहे हैं कि कौन पार्टी छोड़कर भागा और कौन नहीं।

उन्होंने दावा किया कि जन सुराज पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में खड़ा है और दूसरे दलों की ताकत भी जन सुराज के पीछे है। शिक्षकों और स्नातकों ने मन बना लिया है कि उन्हें सम्राट चौधरी सरकार के खिलाफ मतदान करना है।

'शिक्षकों को सम्मान और वेतनमान चाहिए'

प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में बेहतर शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों को सम्मान और वेतनमान चाहिए तो जन सुराज को जिताना होगा।

उन्होंने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह वहां परिवर्तन हुआ, उसी तरह पटना शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भी बदलाव होगा।

उन्होंने कहा कि लोग बदलाव चाहते हैं और शिक्षक अपना सम्मान व हक चाहते हैं। प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि सरकार इतने वर्षों में शिक्षकों को वेतनमान नहीं दिला सकी।

उन्होंने यादवों की हत्या और समाज में अत्याचार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा और सवाल किया कि ऐसे में जदयू नेता किस आधार पर वोट मांग रहे हैं।

नीरज कुमार और नवल किशोर यादव की हार का किया दावा

प्रशांत किशोर ने पटना स्नातक क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी नवल किशोर यादव की हार का दावा किया। उन्होंने दोनों नेताओं पर अपने हित के लिए काम करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों को उनके अधिकार और सम्मान की जरूरत है। जन सुराज की ओर से उन्होंने शिक्षक और स्नातक मतदाताओं के मुद्दों को चुनाव का प्रमुख आधार बनाने की बात कही।

'लोकसभा चुनाव से पहले शिक्षकों को दिलाएंगे सातवां वेतनमान'

नामांकन सभा में प्रशांत किशोर ने शिक्षकों और स्नातक मतदाताओं के लिए कई वादे भी किए। उन्होंने कहा कि जन सुराज की सरकार बनी तो लोकसभा चुनाव से पहले शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलाया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि जन सुराज स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जीतता है तो 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- अनंत सिंह जन सुराज में आएंगे या नहीं? प्रशांत किशोर ने खत्म किया सस्पेंस, बोले- एलान करेंगे तो पार्टी लेगी फैसला