पीपीयू ने जारी किया परीक्षा कार्यक्रम: दो पालियों में होगी वोकेशन कोर्स का एग्जाम, 15 अप्रैल से शुरू
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय (पीपीयू) ने स्नातक पार्ट-थ्री (सामान्य, व्यावसायिक, फेल-प्रमोटेड) और वोकेशनल पार्ट-वन परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पटना। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय (पीपीयू) ने स्नातक पार्ट-थ्री (सामान्य, व्यावसायिक एवं फेल-प्रमोटेड) के साथ-साथ वोकेशनल पार्ट वन परीक्षाओं के लिए विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार परीक्षाएं 15 अप्रैल से शुरू होकर अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक संचालित होगी।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक बीए, बीएससी और बीकाम पार्ट-थ्री (जनरल) की परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। 15 अप्रैल को केमेस्ट्री , पालिटिकल साइंस तथा अंग्रेजी और उर्दू विषय की परीक्षा होगी।
16 अप्रैल को गणित, बिजनेस मैथेमेटिक्स एवं स्टैटिक्स, जबकि दूसरी पाली में इकोनामिक्स और म्यूजिक की परीक्षा होगी। 20 अप्रैल को सभी संकायों के लिए जनरल स्टडीज की परीक्षा निर्धारित की गई है। अंतिम परीक्षा 24 अप्रैल को हिंदी विषय की होगी।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. मनोज कुमार ने बताया कि परीक्षा समय पर आयोजित कराने के साथ समय पर रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। सत्र तय कैलेंडर के अनुसार से चलेगा। कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह के निर्देश पर सत्र को समय पर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
वोकेशनल पार्ट वन की परीक्षा 15 से 28 अप्रैल तक दो पाली में
विश्वविद्यालय ने वोकेशनल कोर्स (बीसीए, बीबीएम, बीबीए, टीटीएम आदि) पार्ट-थ्री की परीक्षाओं का कार्यक्रम भी जारी किया है। इन परीक्षाओं में 15 से 20 अप्रैल तक पेपर-पांच से पेपर-आठ तथा जनरल स्टडीज की परीक्षाएं आयोजित होंगी।
इसके अलावा पार्ट-वन वोकेशनल कोर्स की परीक्षाएं भी निर्धारित तिथियों पर आयोजित होगी। जिसमें 15 से 28 अप्रैल तक विभिन्न विषयों की परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। फेल एवं प्रमोटेड छात्रों के लिए भी अलग से कार्यक्रम जारी किया गया है। जिसमें 15 से 20 अप्रैल तक पेपर पांच से आठ तक और जनरल स्टडीज की परीक्षा ली जाएगी।
