विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM मोदी की मौजूदगी में बिहार के इस जिले की बदलने वाली है तस्वीर, निवेश की बरसात करेंगे उद्योगपति

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:30 PM (IST)

बिहार में एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर 21 नवंबर को जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में बड़ा निवेश समारोह होगा।

पीएम की साक्षी में जाफरपट्टी में खुलेगा निवेश का पिटारा

पीएम की साक्षी में जाफरपट्टी में खुलेगा निवेश का पिटारा

HighLights

  1. प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में जाफरपट्टी में होगा बड़ा निवेश समारोह।

  2. बिहार में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन पर रहेगा मुख्य जोर।

  3. सरकार का लक्ष्य जाफरपट्टी को नया औद्योगिक केंद्र बनाना है।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में एनडीए सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर 21 नवंबर को आयोजित समारोह में रिकॉर्ड बनाने की तैयारी चल रही है। विशेषकर औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने के लिए देश के प्रसिद्ध उद्यमी निवेश प्रस्तावों के जरिए खजाने का मुंह खोलेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साक्षी में वैशाली जिले के जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र को रिकार्ड निवेश मिलने की उम्मीद है। सरकार का प्रयास है कि नव विकसित औद्योगिक क्षेत्र को उद्योग एवं रोजगार के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।

सरकारी आयोजन में पांच जिलों से 50 हजार से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने की तैयारी है। एनडीए सरकार की पहल से औद्योगिक संभावनाओं एवं रोजगार सृजन का संदेश दूर तक जाएगा। इससे जाफरपट्टी सहित आसपास के जिलों की आर्थिक तस्वीर बदलने की उम्मीद जगेगी।

इसे ध्यान में रखते हुए समारोह में प्रसिद्ध उद्योगपतियों को भी बुलाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से लेकर सरकार के शीर्ष नौकरशाह, भाजपा के वरिष्ठ नेता, कई केंद्रीय मंत्री स्वयं उद्यमियों से संपर्क साध रहे हैं।

इस आयोजन के जरिए बिहार में निवेश की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने और बड़े औद्योगिक घरानों को राज्य में निवेश के लिए आकर्षित करने की तैयारी है।

माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री की मौजूदगी में बिहार के औद्योगिक भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सामने आ सकते हैं। कार्यक्रम को केवल राजनीतिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा जा रहा है। इसके केंद्र में राज्य का औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन भी होगा।

सरकार की कोशिश है कि देश के प्रमुख उद्योगपतियों को बिहार की बदलती औद्योगिक परिस्थितियों, उपलब्ध संसाधनों, जमीन और निवेश अनुकूल नीतियों से अवगत कराया जाए। इसके माध्यम से निवेशकों का भरोसा जीतने और उन्हें बिहार में उद्योग लगाने के लिए प्रेरित करने की रणनीति है।

बिहार में औद्योगिक निवेश को लेकर पिछले कुछ समय से सरकार लगातार पहल कर रही है। नई औद्योगिक नीतियों, एमएसएमई को प्रोत्साहन, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना और निवेशकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी उद्योगपतियों के साथ नियमित संवाद और उनकी समस्याओं के समाधान पर बल दे रहे हैं।

जाफरपट्टी में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम इस लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि यहां से बिहार के औद्योगिक विकास को लेकर देशभर के निवेशकों के बीच सकारात्मक संदेश जाएगा। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

पांच जिलों से जुटेंगे कार्यकर्ता

समारोह में पांच जिलों से भाजपा-एनडीए कार्यकर्ताओं को बुलाने की तैयारी गई है। वैशाली जिले में कार्यक्रम होने के कारण केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय स्वयं मोर्चा संभाले हुए हैं। भाजपा की ओर से सांगठिनक मंडल वार बैठक का क्रम जारी है।

पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी व वरिष्ठ नेता मंडलीय बैठक ले रहे हैं। इसके साथ बड़ी संख्या में जीविका दीदियों भी को बुलाने की व्यवस्था की जा रही है।

यह भी पढ़ें- 400 ई-बसें, 6 शहर और 90 मिनट में फुल चार्जिंग... बिहार के सफर को बदलने आ रहे PM Modi, जानिए पूरा प्लान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।