400 ई-बसें, 6 शहर और 90 मिनट में फुल चार्जिंग... बिहार के सफर को बदलने आ रहे PM Modi, जानिए पूरा प्लान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली में बिहार के छह डिवीजनों में पीएम ई-बसों के चार्जिंग स्टेशनों का उद्घाटन/शिलान्यास करेंगे।

400 ई-बसें, 6 शहर और 90 मिनट में फुल चार्जिंग... बिहार के सफर को बदलने आ रहे हैं पीएम मोदी
HighLights
पीएम मोदी 21 नवंबर को वैशाली में करेंगे उद्घाटन।
छह डिवीजनों में बन रहे हैं ई-बसों के चार्जिंग स्टेशन।
बिहार को मिलेंगी कुल 400 इलेक्ट्रिक बसें।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) अपने छह डिविजनों पटना, गयाजी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और पूर्णिया में पीएम ई-बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन का नेटवर्क तैयार कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली में आयोजित कार्यक्रम में इन स्टेशनों का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।
परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बताया कि ई-बसों के संचालन के लिए ऐसा माडल तैयार किया जा रहा है, जिसमें बस अपने डिपो में चार्ज होकर सीधे रूट पर निकल सकेगी।
प्रत्येक डिविजन के डिपो में 50 ई-बसों की क्षमता के हिसाब से आठ-आठ चार्जिंग प्वाइंट लगाए जा रहे हैं। यहां एक साथ आठ बसें चार्ज हो सकेंगी। एक बस लगभग डेढ़ घंटे में पूरी तरह चार्ज हो जाएगी।
मंत्री ने बताया कि पीएम ई-बस योजना के तहत बिहार को कुल 400 इलेक्ट्रिक बस मिलने वाली हैं। इनमें से 52 बसों का परिचालन फिलहाल राजधानी पटना के विभिन्न मार्गों पर किया जा रहा है। अगले चरण में मिलने वाली बसों को प्रमुखता से अन्य डिपो से विभिन्न जिलों में चलाने की योजना है।
इसे ध्यान में रखते हुए जिले में चार्जिंग सुविधा शुरू हो चुकी है। निगम के अन्य डिविजनों पटना, गयाजी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और भागलपुर में चार्जिंग स्टेशन का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। इसमें पटना के फुलवारीशरीफ, बैरिया बस स्टैंड और गयाजी बस डिपो पर निर्माण इस माह तक पूरा हो जाएगा।