पवन-अक्षरा के बाद अब स्पीकर प्रेम कुमार को अनंत सिंह की बेटी की शादी का न्योता, नोटिस का जवाब नहीं...अब क्या होगा?
मोकामा विधायक अनंत सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण दिया है। यह मुलाकात ...और पढ़ें

स्पीकर के नोटिस के बीच अनंत सिंह की मुलाकात
HighLights
अनंत सिंह ने स्पीकर प्रेम कुमार को बेटी की शादी का न्योता दिया।
यह मुलाकात स्पीकर के नोटिस के जवाब से पहले हुई है।
अनंत सिंह की विधायकी पर अब आगे क्या फैसला होगा?
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में इन दिनों शादियों को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी खूब चर्चा हो रही है। भोजपुरी स्टार पवन सिंह और अक्षरा सिंह के बाद अब मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी का न्योता विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार तक पहुंच गया है। अनंत सिंह ने स्पीकर प्रेम कुमार से मुलाकात कर उन्हें अपनी बेटी की शादी में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस मुलाकात की चर्चा इसलिए भी खास है, क्योंकि अनंत सिंह को विधानसभा अध्यक्ष की ओर से जारी नोटिस का जवाब दिए अभी छह दिन बीत चुके हैं।
स्पीकर के नोटिस के बीच अनंत सिंह की मुलाकात
दरअसल, विधान परिषद चुनाव के दौरान जेडीयू प्रत्याशी और एमएलसी नीरज कुमार के विरोध का मामला सामने आने के बाद अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ गई थीं। पार्टी ने उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया था।
इसके बाद जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को पत्र लिखकर अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग की थी।
वीडियो फुटेज और अखबार की कतरन भी सौंपी गई
जेडीयू की ओर से विधानसभा अध्यक्ष को भेजे गए पत्र में अनंत सिंह पर विधान परिषद चुनाव के दौरान दल विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया था।
शिकायत के समर्थन में कुछ वीडियो फुटेज और अखबारों की कतरनें भी दी गई थीं। मामले की समीक्षा के बाद विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने अनंत सिंह को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा था।
बेटी की शादी के बाद जवाब देने की कही थी बात
नोटिस मिलने के बाद मीडिया ने जब अनंत सिंह से इस मामले पर सवाल किया था तो उन्होंने कहा था कि फिलहाल वह बेटी की शादी की तैयारियों में व्यस्त हैं। शादी के बाद ही वह नोटिस का जवाब देंगे। हालांकि, अब छह दिन बीत जाने के बाद भी उनके जवाब को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
'ये सब होते रहता है', नोटिस पर अनंत सिंह का जवाब
इससे पहले प्रयागराज में अपने दोस्त पप्पू सलमान के बेटे की शादी के वलीमा समारोह में पहुंचे अनंत सिंह से जब स्पीकर के नोटिस को लेकर सवाल किया गया था तो उन्होंने कहा था, 'ये सब होते रहता है।' अब विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर बेटी की शादी का निमंत्रण देने के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है।
अब क्या करेंगे विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार?
विधानसभा अध्यक्ष की ओर से निर्धारित समय-सीमा के भीतर जवाब नहीं मिलने की स्थिति में अब आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी। नियमों और मामले की प्रक्रिया के तहत स्पीकर दोनों पक्षों को सुनने के बाद फैसला ले सकते हैं। जरूरत पड़ने पर अनंत सिंह को अपना पक्ष रखने के लिए एक और मौका भी दिया जा सकता है।
फिलहाल बड़ा सवाल यही है कि बेटी की शादी की तैयारियों के बीच अनंत सिंह विधानसभा अध्यक्ष के नोटिस का जवाब कब देंगे और उनकी विधायकी को लेकर आगे क्या फैसला होगा?
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की बेटी की शादी में सजेगी महफिल, 30 फीट का होगा जयमाला स्टेज; पवन सिंह, अक्षरा और सोनू सूद को न्योता
यह भी पढ़ें- फ्रिज-एसी या लाखों के तोहफे पर 52 परतों वाला इस मिठाई के बिना शादी अधूरी, अनंत सिंह की बेटी के विवाह में भी रहेगी धूम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।