बर्ड फ्लू को लेकर पटना जू में हाई अलर्ट, वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम
बर्ड फ्लू की आशंका के बीच पटना जू प्रशासन वन्यजीवों को संक्रमण से बचाने के लिए सतर्क है और विशेष एहतियाती उपाय कर रहा है।

पटना जू। फाइल फोटो
HighLights
संक्रमण से बचाव हेतु जू में नियमित दवा छिड़काव।
पक्षियों के बाड़ों और आसपास की विशेष साफ-सफाई।
वन्यजीवों के स्वास्थ्य और व्यवहार पर कड़ी निगरानी।
जागरण संवाददाता, पटना। देश के विभिन्न हिस्सों में बर्ड फ्लू की आशंका के बीच पटना जू प्रशासन भी सतर्क है। वन्यजीवों को किसी भी तरह के संक्रमण से बचाने के लिए चिड़ियाघर में विशेष एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं।
जू के निदेशक डॉ. हेमंत पाटिल ने बताया कि परिसर में नियमित रूप से दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। वहीं, पक्षियों के साथ अन्य वन्यजीवों के स्वास्थ्य पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।
खासकर पक्षियों के बाड़ों और उनके आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई तथा निगरानी को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है।
जू प्रशासन की ओर से संक्रमण की आशंका को देखते हुए नियमित अंतराल पर डिसइंफेक्शन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
पक्षियों के रहने वाले स्थानों, उनके बाड़ों और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के साथ वहां दवा का छिड़काव किया जा रहा है।
वन्यजीवों के व्यवहार और उनकी शारीरिक स्थिति में होने वाले बदलावों पर भी नजर रखी जा रही है। किसी पक्षी या अन्य वन्यजीव में सुस्ती, भोजन कम करने, असामान्य व्यवहार या बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच और उपचार की व्यवस्था करने पर जोर दिया जा रहा है।
कर्मचारियों को भी सतर्क रहने का निर्देश
जू में काम करने वाले कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पक्षियों के संपर्क में आने वाले कर्मचारियों को साफ-सफाई और संक्रमण से बचाव के निर्धारित उपायों का पालन करने को कहा गया है।
इसके अलावा वन्यजीवों के भोजन, पानी और उनके आसपास के वातावरण की स्वच्छता पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
नियमित निगरानी और एहतियाती इंतजाम जारी रखे जा रहे हैं, ताकि चिड़ियाघर में मौजूद वन्यजीवों को सुरक्षित रखा जा सके। इसके पूर्व में भी फ्लू के मामले आने पर जू को कई दिनों तक बंद रखा गया था।
यह भी पढ़ें- नालंदा में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद पटना में अलर्ट, अच्छी तरह पकाकर खाएं अंडा-चिकन