नालंदा में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद पटना में अलर्ट, अच्छी तरह पकाकर खाएं अंडा-चिकन
नालंदा में बर्ड फ्लू (H5N1) की पुष्टि के बाद पटना में सतर्कता बढ़ा दी गई है, हालांकि अभी तक जिले में कोई मामला सामने नहीं आया है।

मुर्गे को पकड़ती जांच टीम। फाइल फोटो
HighLights
नालंदा में बर्ड फ्लू पुष्टि, पटना में सतर्कता और निगरानी बढ़ी।
पटना जिले में बर्ड फ्लू का कोई मामला अभी तक नहीं।
पशुपालन विभाग ने जांच और सैनिटाइजेशन की पूरी तैयारी की।
जागरण संवाददाता, पटना। नालंदा में बर्ड फ्लू (एच5एन1) की पुष्टि के बाद पटना में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। फिलहाल जिले में किसी पक्षी के असामान्य रूप से मरने की सूचना नहीं है, लेकिन पशुपालन विभाग ने एहतियाती तैयारी कर ली है।
जिले में कहीं भी मृत पक्षी मिलने पर न केवल तुरंत उसकी जांच कराई जाएगी बल्कि यदि बर्ड फ़्लू की पुष्टि हो तो सैनिटाइजेशन के लिए दवाएं भी मंगवा ली हैं।
पटना में नहीं आया कोई मामला
जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि जिले में अभी बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है। न ही कहीं पक्षियों की असामान्य मौत की सूचना मिली है। इसके बावजूद विभाग सतर्क है।
उन्होंने कहा कि जहां भी मृत पक्षी मिलने की सूचना मिलेगी, वहां टीम भेजकर सैंपल एकत्र किया जाएगा और बर्ड फ्लू की जांच कराई जाएगी। पटना में फरवरी-मार्च में कौओं से शुरू हुआ बर्ड फ्लू पोल्ट्री केंद्र तक पहुंच गया था।
यही कारण है कि इस बार केवल मृत पक्षियों की सूचना मिलने का इंतजार करने के बजाय गंगा किनारे, जलाशयों, पोल्ट्री फार्मों और पक्षियों की आवाजाही वाले इलाकों में नियमित निगरानी की जा रही है।
यदि कहीं संक्रमण की पुष्टि हुई तो पोल्ट्री फार्म, पिंजरों, वाहनों व उपकरणों को संक्रमणमुक्त करने के लिए पोटैशियम पेराक्सिमोनोसल्फेट जैसे कीटाणुनाशकों का भंडारण कर लिया गया है।
प्रवासी पक्षियों की वजह से फ्लू की आशंका
डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि बर्ड फ्लू का संक्रमण स्थानीय पक्षियों तक पहुंचने में प्रवासी पक्षियों की भूमिका हो सकती है।
सर्दियों में गंगा के किनारे और जलाशयों में प्रवासी पक्षियों का आना बढ़ जाता है। संक्रमित प्रवासी पक्षियों के मरने पर कौए उनके मांस को खा लेते हैं। इससे उनमें संक्रमण की आशंका रहती है।
बताते चलें कि चितकोहरा के कौशल नगर स्थित पोल्ट्री अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में 4575 मुर्गियों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
प्रशासन ने एक किलोमीटर के दायरे को संक्रमित क्षेत्र घोषित कर करीब 9662 अंडे और 530 किलो मुर्गी दाना नष्ट कराया था।
नौ किलोमीटर के दायरे में निगरानी बढ़ाई गई थी। पटना चिड़ियाघर को भी एहतियातन सात दिनों के लिए बंद किया गया था।
आमजन इन बातों का रखें ध्यान
- कहीं कौए या अन्य पक्षी असामान्य संख्या में मृत मिलें तो उन्हें हाथ नहीं लगाएं।
- मृत पक्षियों को खुद उठाने या हटाने की कोशिश नहीं करें। पशुपालन विभाग को सूचना दें।
- मुर्गी पालन करने वाले किसान पक्षियों की असामान्य मौत को गंभीरता से लें।
- पक्षियों के संपर्क में आने के बाद बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी हो तो चिकित्सकीय सलाह लें।
- चिकन और अंडे को अच्छी तरह पकाकर ही खाएं। कच्चे या अधपके पोल्ट्री उत्पादों से बचें।