तुमने अश्लील वीडियो देखी, FIR दर्ज हो गई है; साइबर ठगों ने युवती को धमकाकर ठगे ₹98 हजार
पटना के मनेर इलाके की एक युवती को अश्लील वीडियो देखने के आरोप में जेल भेजने की धमकी देकर साइबर ठगों ने 98 हजार रुपये ठग लिए।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
युवती को अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाकर डराया गया।
साइबर ठगों ने जेल भेजने की धमकी देकर 98 हजार रुपये ठगे।
पीड़िता ने पटना साइबर थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।
जागरण संवाददाता, पटना। मनेर इलाके की रहने वाली एक युवती को गंदा वीडियो देखने के नाम पर केस और जेल जाने का डर दिखाकर साइबर ठगों ने 98 हजार रुपये ऐंठ लिए। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़िता के मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से कॉल आए। फोन करने वालों ने आरोप लगाया कि गंदा वीडियो देखने के कारण उसके खिलाफ FIR दर्ज हो गई है।
साथ ही धमकी दी कि अगले 30 मिनट के भीतर पुलिस अधिकारी उसके घर पहुंच जाएंगे और उसे दो साल के लिए जेल भेज दिया जाएगा। अचानक मिली इस धमकी से युवती घबरा गई।
युवती को डराने के बाद साइबर ठगों ने उसे राहत देने का नाटक किया। उन्होंने दावा किया कि जुर्माना भरने पर मामला खत्म हो जाएगा। जेल जाने के भय से युवती उनकी बातों में आ गई और धीरे-धीरे कुल 98 हजार रुपये दे दिए।
रकम मिलने के बावजूद ठगों ने युवती से और पैसे मांगने शुरू कर दिए। इसके बाद उसे समझ आया कि कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर उसके साथ धोखाधड़ी की गई है। पीड़िता ने साइबर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एटीएम में फंसे कार्ड से साइबर फ्राड ने 46 हजार निकाले
पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र के चाणक्य नगर निवासी नीरू देवी साइबर फ्राड का शिकार हो गई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि भागवत नगर स्थित बैंक से रुपये निकालते समय कार्ड एटीएम मशीन में फंस गया। कार्ड छोड़ कर स्वजन को जानकारी देने घर आ गई।
इसी दौरान खाते से 46 हजार की अवैध निकासी हो गई। जय महावीर कॉलोनी निवासी आशुतोष कुमार ने बहादुपुर थाना पुलिस को बताया कि निकासी के दौरान मशीन में कार्ड फंसने पर खाता से 12 हजार की अवैध निकासी हो गयी। पुलिस दोनों मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
