विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चाकू-ब्लेड और 21000 कैश के साथ 7 ट्रेन लुटेरे गिरफ्तार, भागलपुर में GRP और RPF का एक्शन; सरगना फरार

Published: Sat, 10 Oct 2026 10:49 PM (GMT+05:30)

भागलपुर में राजकीय रेल पुलिस और आरपीएफ ने ट्रेनों में छिनतई व लूटपाट करने वाले अंतरजिला गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

रेल पुलिस के गिरफ्त में सात बदमाश व बरामद सामान। (जागरण)

रेल पुलिस के गिरफ्त में सात बदमाश व बरामद सामान। (जागरण)

HighLights

  1. ट्रेनों में छिनतई करने वाले गिरोह के सात सदस्य गिरफ्तार।

  2. भागलपुर में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई।

  3. गिरोह का सरगना छोटू सोनी पुलिस को चकमा देकर फरार।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। ट्रेनों में यात्रियों से छिनतई, चोरी व लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के सात गुर्गों को गिरफ्तार कर राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार देर शाम को अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है।

जबकि गिरोह का सरगना पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। गिरफ्तार सभी आरोपित बेगूसराय जिला के रहने वाले हैं।

बेगूसराय जिला के बरौनी थानाक्षेत्र के लगौली के रहने वाले हिमांशु कुमार पासवान, हर्षित श्रीवास्तव, मुफस्सिल थानाक्षेत्र के सिंधौली निवासी करण कुमार, बरौनी थानाक्षेत्र तिलरत निवासी ऋषभ कुमार पासवान, बरौनी थानाक्षेत्र के देयोना गांव के आफताब अंसारी, मुफस्सिल थानाक्षेत्र के नागदाह निवासी मो जरीफ व बरौनी थानाक्षेत्र के तिलरत निवासी रवि राज पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने चाकू, ब्लेड, मोबाइल, चेन, नकद, आईडी आदि आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। जबकि गिरोह का सरगना छोटू सोनी भाग गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

जीआरपी थानाध्यक्ष नसीम अहमद और आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित कुमार गिरी के अनुसार भागलपुर स्टेशन पर बैठकर ट्रेन में शनिवार की रात्रि बड़ी लूट करने का आपराधिक साजिश करने के दौरान ही छोटू सोनी गिरोह के सात गुर्गों को प्लेटफार्म संख्या एक से लोहिया पुल के पास से दबोच लिया गया।

बदमाशों की साजिश भागलपुर से बरौनी ट्रेन में सभी चढ़ कर घटना को अंजाम देने की थी। आरोपितों के पास के छह मोबाइल, दस की संख्या में मेडिकल ब्लेड, पांच बड़ा वाला चाकू, दो रामपुरिया चाकू, 21 हजार रुपये नकद, 21 से अधिक अलग-अलग राज्य का बना हुआ आईडी कार्ड, छह पर्स और छह की संख्या में चेन बरामद किया गया है।

एक बीसीए का छात्र भी गिरफ्तार

पुलिस को देखते ही सरगना सहित हथियार के साथ तीन बदमाश फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपितों में एक बीसीए का छात्र भी है। घर की आर्थिक स्थिति खराब रहने के कारण वह बकायदा मजदूर के तौर पर गिरोह में शामिल होकर आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए आया था। गिरफ्तार सभी आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस के बयान पर जीआरपी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि सभी के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- 48 किलो गांजा और दोनाली राइफल के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, वैशाली पुलिस ने की कार्रवाई