Voter ID Update: वोटर लिस्ट से गायब है नाम या सुधारनी है गलती? चुनाव आयोग दे रहा 4 दिन का विशेष मौका
पटना में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या सुधारने के लिए 21-22 नवंबर और 5-6 दिसंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और सुधार कराने के लिए विशेष अभियान (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
मतदाता सूची में सुधार हेतु विशेष अभियान चलेगा।
बीएलओ मतदान केंद्रों पर 21, 22 नवंबर, 5, 6 दिसंबर को उपलब्ध।
नाम जोड़ने, हटाने, विवरण सुधारने के लिए आवेदन करें।
जागरण संवाददाता, पटना। मतदाता सूची (Voter List Bihar) में नाम नहीं है या उसमें किसी तरह की गड़बड़ी है तो उसे दुरुस्त कराने के लिए मतदाताओं को चार दिन विशेष मौका मिलेगा। इसके लिए जिले की सभी 14 विधानसभा क्षेत्रों के हर मतदान केंद्र पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
21 और 22 नवंबर तथा पांच और छह दिसंबर को बीएलओ (बूथ लेवल अफसर) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। इस दौरान मतदाता नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में सुधार के लिए आवेदन और जरूरी दस्तावेज जमा कर सकेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक मतदाताओं से दावा-आपत्ति प्राप्त की जा रही है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने इस प्रक्रिया में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए हैं।
तीन तरह के प्रपत्रों से होगा काम
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रपत्र-6 भरना होगा। किसी ऐसे व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए, जो पात्र नहीं है या जिसकी मृत्यु हो चुकी है, प्रपत्र-7 के माध्यम से दावा-आपत्ति दी जा सकती है।
वहीं, मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार कराने और आवश्यक बदलाव के लिए प्रपत्र-8 भरना होगा। मतदाताओं को आवेदन के साथ निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित दस्तावेज भी जमा करने होंगे।
विशेष अभियान की निगरानी के लिए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित कराएंगे।
हर विशेष अभियान दिवस के अगले दिन सुबह 11 बजे तक संबंधित अधिकारियों को आवेदन संग्रहण की रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को देनी होगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी ईआरओ और एईआरओ को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर अभियान का प्रचार-प्रसार कराने को कहा, ताकि कोई पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहे और मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर किया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।