विधानसभा चुनाव के बाद बिहार में बढ़े 898230 मतदाता, नाम जुड़वाने और सुधार के लिए 11 दिसंबर तक मौका
बिहार विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में 8.98 लाख से अधिक मतदाता बढ़े हैं, जिससे कुल संख्या 7.55 करोड़ से अधिक हो गई है।

विधानसभा चुनाव के बाद बिहार में बढ़े 898230 मतदाता
HighLights
विधानसभा चुनाव के बाद बिहार में 8.98 लाख मतदाता बढ़े।
कुल मतदाताओं की संख्या अब 7.55 करोड़ से अधिक हुई।
अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
राज्य ब्यूरो, पटना। विधानसभा चुनाव के बाद बिहार (Bihar Assembly Election) में आठ लाख 98 हजार 230 मतदाता बढ़ गए हैं। महिला और पुरुष बढ़े हैं, लेकिन मंगलामुखी मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम हुई है। अभी कुल सात करोड़ 55 लाख 89 हजार 365 मतदाता हैं।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के क्रम में गुरुवार को मुख्य निर्वाचक पदाधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने इसकी जानकारी देते हुए मतदाता-सूची के प्रारूप का प्रकाशन कर दिया। इसी के साथ दावा-आपत्ति की प्रक्रिया भी शुरू हो गई।
मतदाता-सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए एक महीने का समय दिया गया है। यानी यह प्रक्रिया 11 दिसंबर तक चलेगी। उसके बाद दावा-आपत्तियों का निष्पादन होगा और अगले वर्ष चार जनवरी को मतदाता-सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा।
बहरहाल मतदाता-सूची का प्रारूप सभी निर्धारित स्थलों पर उपलब्ध करा दिया गया है। इसके अलावा, आम नागरिक अपनी सुविधा के लिए सीईओ की आधिकारिक वेबसाइट (ceoelection.bihar.gov.in) पर भी आनलाइन अपना नाम देख सकते हैं।
प्रारूप का प्रकाशन एक जनवरी, 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर हुआ है।
इस प्रारूप के अनुसार, राज्य में पुरुष मतदाताओं की संख्या तीन करोड़ 99 लाख 16 हजार 747 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या तीन करोड़ 56 लाख 71 हजार 129 है। मंगलामुखी (थर्ड जेंडर) मतदाताओं की संख्या एक हजार 489 है।
आवेदन की सुविधा ऑफलाइन और ऑनलाइन भी:
भारत निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता-सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए प्ररूप-6, नाम विलोपित (हटाने) के लिए प्ररूप-7 तथा निवास स्थानांतरण, विवरण में सुधार, नया मतदाता पहचान-पत्र (ईपिक) बनवाने एवं दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नांकन के लिए प्ररूप-8 का उपयोग किया जा सकता है।
ये सभी फॉर्म आनलाइन वोटर सर्विस पोर्टल (voters.eci.gov.in) पर भी उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, सहायता के लिए संबंधित बीएलओ, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अथवा जिला निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है।
मतदाताओं की संख्या
| श्रेणी | 12 नवंबर, 2026 | अक्टूबर, 2025 |
|---|---|---|
| पुरुष | 3,99,16,747 | 3,95,35,377 |
| महिला | 3,56,71,129 | 3,51,54,057 |
| मंगलामुखी | 1,489 | 1,701 |
| कुल | 7,55,89,365 | 7,46,91,135 |
| (नोट : पिछले वर्ष की संख्या विधानसभा चुनाव के दौरान की है और नई संख्या अगले वर्ष पहली जनवरी की अर्हता तिथि के आधार पर है।) | ||
एसएसआर का कार्यक्रम:
- दावा-आपत्ति के लिए अवधि : 11 दिसंबर, 2026 तक
- दावा-आपत्तियों का निष्पादन : 28 दिसंबर, 2026 तक
- मतदाता-सूची का अंतिम प्रकाशन : 04 जनवरी, 2027
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।