अफसर दंपती के ठिकानों पर विजिलेंस का छापा, 70 लाख कैश और करीब 1 करोड़ की घड़ियां मिलने का दावा; दो फ्लैट भी मिले
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पटना के अफसर दंपती, एडीएम रविंद्र कुमार दिवाकर और सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के ठिकानों पर आय ...और पढ़ें

कश्यप ग्रीन सिटी में मिले दो फ्लैट
HighLights
अफसर दंपती के ठिकानों पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की छापेमारी।
करीब 70 लाख रुपये नकद और 1 करोड़ की घड़ियां बरामद।
दो फ्लैट, आभूषण और निवेश के दस्तावेज भी मिले।
राज्य ब्यूरो, पटना। आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सोमवार को पटना के अफसर दंपती के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की। एडीएम (आपूर्ति) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी दानापुर की जिला सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के पटना और बेगूसराय स्थित चार ठिकानों पर देर शाम तक तलाशी चलती रही।
निगरानी के अनुसार, तलाशी के दौरान करीब 70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पटना के रूपसपुर स्थित कश्यप ग्रीन सिटी के किराये के फ्लैट से करीब 60-65 लाख और बेगूसराय स्थित आवास से करीब सात लाख रुपये मिलने की बात कही गई है।
कश्यप ग्रीन सिटी में मिले दो फ्लैट
तलाशी के दौरान रूपसपुर के कश्यप ग्रीन सिटी में अफसर दंपती के दो फ्लैट भी सामने आए। इनमें से एक फ्लैट में इंटीरियर का काम चल रहा था। निगरानी टीम ने संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की।
निगरानी ने दंपती के खिलाफ एक करोड़ छह लाख रुपये की आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर कोर्ट से वारंट लिया था। अधिकारियों के मुताबिक तलाशी में मिली चल-अचल संपत्ति के मूल्यांकन के बाद यह राशि बढ़ सकती है।
चार दर्जन महंगी घड़ियां भी मिलीं
छापेमारी के दौरान दंपती के ठिकानों से करीब चार दर्जन महंगी घड़ियां बरामद होने की जानकारी दी गई है। निगरानी के अनुसार इन घड़ियों की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये के आसपास हो सकती है। हालांकि, इनके वास्तविक मूल्य का आकलन ब्रांड और मॉडल के आधार पर किया जा रहा है।
इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण भी मिले हैं। इनमें नेकलेस, अंगूठी और कंगन शामिल बताए गए हैं। गहनों की कीमत का भी मूल्यांकन किया जा रहा है।
डीड और निवेश के कागजात की जांच
तलाशी में कुछ डीड, निवेश और अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिलने की बात सामने आई है। निगरानी टीम इन कागजात का सत्यापन करा रही है। जांच का फोकस दंपती की घोषित आय और सामने आई संपत्तियों के बीच अंतर का पता लगाने पर है।
निगरानी महानिदेशक जितेंद्र सिंह गंगवार के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति के साथ अघोषित और बेनामी संपत्ति की भी जांच की जा रही है। तलाशी में मिले दस्तावेजों और संपत्तियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आय से अधिक संपत्ति मामले में कांड दर्ज करते हुए कोर्ट से वारंट लेकर अफसर दंपती के पटना और बेगूसराय के ठिकानों पर छापेमारी की गई है। दंपती की आय से अधिक संपत्ति के साथ अघोषित और बेनामी संपत्ति की भी जांच की जा रही है।
जितेंद्र सिंह गंगवार, महानिदेशक, निगरानी
यह भी पढ़ें- पटना में ADM और सब-रजिस्ट्रार के ठिकानों पर छापा, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा; कैश-ज्वेलरी और निवेश के कागजात मिले
यह भी पढ़ें- 6.31 करोड़ की ठगी, 4 गिरफ्तार और 90 लाख का लेन-देन... बिहार में कैसे खुला डिजिटल अरेस्ट का राज?
