25 मिनट में पटना से वैशाली, 21 नवंबर को PM मोदी करेंगे 6 लेन पुल का उद्घाटन; गंगा पर बनकर तैयार 9.76 किलोमीटर लंबा पुल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा महासेतु का उद्घाटन करेंगे। यह 9.76 किमी लंबा पुल ...और पढ़ें

9.76 किलोमीटर लंबा पुल, 100 की रफ्तार से दौड़ सकेंगे वाहन
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी 21 नवंबर को करेंगे कच्ची दरगाह-बिदुपुर महासेतु का उद्घाटन।
पटना और वैशाली के बीच यात्रा समय अब 20-25 मिनट होगा।
गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होगा, लोगों को मिलेगी राहत।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के लोगों को गंगा पर लगने वाले जाम और लंबे सड़क सफर से जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है। पटना से उत्तर बिहार जाने वालों के लिए एक नया रास्ता खुलने जा रहा है। कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा महासेतु बनकर तैयार है और 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे।
करीब 9.76 किलोमीटर लंबा यह महासेतु पटना और वैशाली के बीच की दूरी को काफी कम कर देगा। दावा है कि इसके चालू होने के बाद पटना से वैशाली का सफर महज 20 से 25 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इससे न सिर्फ यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी को भी नई रफ्तार मिलेगी।
अब गांधी सेतु के जाम में नहीं फंसेंगे लोग, मिलेगा नया रास्ता
अभी पटना से वैशाली और उत्तर बिहार के दूसरे जिलों की ओर जाने वाले लोगों को महात्मा गांधी सेतु पर निर्भर रहना पड़ता है। खासकर पीक आवर में वाहनों का दबाव बढ़ने से लोगों को जाम में काफी समय गंवाना पड़ता है। कई बार कम दूरी तय करने में भी घंटों लग जाते हैं।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर महासेतु शुरू होने के बाद लोगों को एक वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। इससे गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है।
पटना से वैशाली के अलावा मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी इसका फायदा मिलेगा।
9.76 किलोमीटर लंबा पुल, 100 की रफ्तार से दौड़ सकेंगे वाहन
कच्ची दरगाह-बिदुपुर महासेतु गंगा नदी पर बना छह लेन का पुल है। यह पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ेगा। मुख्य पुल की लंबाई करीब 9.76 किलोमीटर है, जबकि एप्रोच रोड सहित पूरी परियोजना लगभग 19.76 किलोमीटर लंबी है।
इस परियोजना पर पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं। पुल के जरिए एनएच-30 और एनएच-103 के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। इसे इस तरह तैयार किया गया है कि इस पर वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकें।
राघोपुर दियारा के लोगों की सबसे बड़ी परेशानी होगी दूर
इस पुल का सबसे बड़ा फायदा राघोपुर दियारा के लोगों को मिलने वाला है। गंगा और गंडक नदियों से घिरे इस इलाके के लोगों को पटना और हाजीपुर पहुंचने के लिए अब तक कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता रहा है।
महासेतु के चालू होने से उन्हें सालभर सड़क मार्ग से राजधानी पटना और हाजीपुर की ओर आने-जाने का बेहतर विकल्प मिलेगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कारोबार के सिलसिले में आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मुजफ्फरपुर से दरभंगा तक के लोगों को मिलेगा फायदा
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का लाभ केवल पटना और वैशाली तक सीमित नहीं रहेगा। उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और आसपास के जिलों से पटना आने वाले लोगों के लिए भी यह महत्वपूर्ण रास्ता साबित होगा।
अब इन जिलों से आने वाले वाहनों को महात्मा गांधी सेतु पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे यात्रा का समय कम होने के साथ-साथ ईंधन की भी बचत होगी। खासकर रोजाना पटना आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों और कारोबारियों को इसका सीधा फायदा मिल सकता है।
किसानों और कारोबारियों के लिए भी खुलेगा तरक्की का रास्ता
पुल के शुरू होने से उत्तर बिहार के व्यापार और कृषि क्षेत्र को भी नई ताकत मिलने की उम्मीद है। मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा जैसे जिलों से फल, सब्जियां और दूसरे कृषि उत्पाद कम समय में पटना और दक्षिण बिहार के बाजारों तक पहुंचाए जा सकेंगे।
इसके अलावा झारखंड और पश्चिम बंगाल की ओर माल ढुलाई करने वाले वाहनों को भी बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। इससे परिवहन लागत और ईंधन खर्च घटने की संभावना है। बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय कारोबार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।
देश के सबसे लंबे एक्स्ट्रा डोज्ड केबल पुलों में है शामिल
कच्ची दरगाह-बिदुपुर महासेतु अपनी लंबाई के साथ आधुनिक निर्माण तकनीक के लिए भी खास है। इसे एक्स्ट्रा डोज्ड केबल ब्रिज तकनीक से बनाया गया है। इसकी मुख्य संरचना करीब 32 मीटर चौड़ी है। इसे बिहार के सबसे लंबे एक्स्ट्रा डोज्ड केबल पुल के रूप में जाना जाता है।
इस परियोजना का निर्माण बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड की ओर से कराया गया है। निर्माण कार्य में एलएंडटी और दक्षिण कोरिया की कंपनी दाइऊ की संयुक्त भागीदारी रही है। एशियाई विकास बैंक (ADB) ने भी इस परियोजना के लिए वित्तीय सहायता दी है।
21 नवंबर को वैशाली से बिहार को सौगात देंगे PM मोदी
बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को राज्य के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी कार्यक्रम में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन महासेतु का उद्घाटन प्रस्तावित है।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अधिकारियों की टीम ने राजापाकर विधानसभा क्षेत्र के बहसी गांव के पास प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, हेलीपैड, मंच निर्माण और यातायात प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया गया।
NDA नेताओं ने बताया बिहार के विकास के लिए बड़ा दिन
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में एनडीए नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की। इसमें जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
संजय सरावगी ने कहा कि 20 नवंबर को बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे हो रहे हैं। इसके अगले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार को कई बड़ी सौगात देने आ रहे हैं।
वहीं, उमेश कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री के बिहार आगमन से राज्य के विकास को गति मिलेगी। एनडीए के सभी घटक दल इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।